Budaun News: घर में घुसकर मां व बेटियों से मारपीट
एसएसपी के आदेश पर पुलिस ने दर्ज की रिपोर्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। मूसाझाग थाना क्षेत्र के गांव रूपपुरा महोरा में घर में घुसकर मां और बेटियों से मारपीट करने का मामला प्रकाश में आया है। इसमें पुलिस ने एसएसपी के आदेश पर चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
घटना 25 अगस्त की है । गांव में रहने वाली सुनीला पत्नी निरोत्तम घर से बाहर बटिया से कंडे निकालने गई थी। यहीं बराबर में उसकी दो लड़कियां खेत मे पशु चरा रहीं थी। इसी दौरान रामचंद्र पुत्र रामचरन शराब पीकर आ गया और लड़कियों राखी व संगीता से गाली-गलौज करने लगा। महिला ने विरोध किया तो मारपीट करने लगा।
महिला बेटियों को लेकर घर आ गई। आरोप है कि रामचंद्र अपनी पत्नी रामलली, बेटे रामकिशोर और पुत्र वधू पूनम के साथ लाठी-डंडे लेकर घर में घुस गया और मारपीट करने लगा। चीख-पुकार सुनकर मोहल्ले के तमाम लोग मौके पर आ गए। जिन्हें देख चारों लोग जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। पुलिस ने मेडिकल कराया लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं की। पीड़िता ने एसएसपी डॉ. ओपी सिंह को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की। जिसपर एसएसपी के आदेश पर चारों लोगो के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई।