Budaun News: कम होने लगे आई फ्लू के मरीज
चिकित्सक ने एहतियातन चश्मा लगाने की दी सलाह
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। जिला अस्पताल में आईफ्लू के मरीजों की संख्या में कमी आई है। जहां पहले रोजाना 200 से 250 मरीज आ रहे थे। उनकी संख्या अब 50-60 ही रह गई है। बावजूद इसके चिकित्सकों ने एहतियातन चश्मा लगाने की सलाह दी है।
मौसम में लगातार आ रहे परिवर्तन के चलते आई फ्लू के मरीजों की संख्या बहुत तेजी से बढ़ी थी। हालात ये थे कि जिला अस्पताल की ओपीडी में सुबह अस्पताल खुलने से पहले ही मरीज पहुंचना शुरू हो जाते थे। करीब 15 दिन पहले तक 200 से 250 मरीज रोजाना अस्पताल पहुंच रहे थे।
उस दौरान चिकित्सकों को सुबह आठ बजे से दोपहर दो बजे तक कुर्सी से उठने तक की फुर्सत नहीं मिल पा रही थी, लेकिन पिछले तीन-चार दिनों से मरीजों की संख्या कम होने लगी हैं, ऐसे में अब रोजाना 60 से 70 मरीज ही आई फ्लू के आ रहे हैं।
जिला अस्पताल के नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. पीयूष मोहन अग्रवाल ने बताया कि मरीजों की संख्या कम हो रही है, लेकिन जो लोग भी इस बीमारी की चपेट में नहीं आए हैं। वे अब भी चश्मे का ज्यादा से ज्यादा उपयोग करें। जो लोग इस बीमारी की चपेट में है, वे दूसरे लोगों से सावधानी से मिलें।