Budaun News: पुलिस चौकी के नजदीक चल रही थी फैक्टरी
– पुलिस को नहीं लगी भनक, एसडीएम के निर्देशन में पहुंची टीम में चौकी इंचार्ज भी थे शामिल
संवाद न्यूज एजेंसी
दातागंज (बदायूं)। कोतवाली क्षेत्र के बराही गांव में पुलिस चौकी के नजदीक ही नकली देशी घी और सिंथेटिक पनीर बनाने की फैक्टरी चल रही थी। लगातार यहां से घी और पनीर अलग-अलग स्थानों को सप्लाई किया जा रहा था। इसके बावजूद चौकी पुलिस को भनक नहीं लगी। आरोपी इदरीश लगातार अपना धंधा करता रहा।
बराही गांव में बराही नाम से एक पुलिस चौकी भी है। जहां एक दरोगा और कई सिपाही तैनात हैं। बताया जा रहा है कि जिस फैक्टरी में नकली देशी घी और सिंथेटिक पनीर बनाने का धंधा चल रहा था। वह पुलिस चौकी से करीब पचास कदम दूर भी नहीं होगा। यह बराही गांव बरेली-दातागंज रोड पर है। बरेली जिले की सीमा से सटा हुआ है। आरोपी इदरीश इसका फायदा उठा रहा था।
वह अपनी फैक्टरी में पॉम ऑयल और कोकोनट ऑयल से नकली देशी घी बना रहा था जबकि कई चीजें मिलाकर पनीर तैयार करता था। फिर बरेली और बदायूं जिले में घी और पनीर सप्लाई कर देता था। उसने बरेली के बहेड़ी और रुद्रपुर में पनीर बेचने का अड्डा बना लिया था।
वहां रोजाना चोरी छिपे एक से दो क्विंटल पनीर भेजा जाता था जबकि घी बदायूं जिले की सीमा में ही बीच देता था। यह धंधा काफी समय से चल रहा था लेकिन चौकी पुलिस को इसकी जानकारी नहीं हुई। जब सोमवार रात एसडीएम के निर्देशन में पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम पहुंची तो बराही चौकी इंचार्ज भी उसमें शामिल थे।