बदायूं

Budaun News: फौजी को न्यायालय में पेश करेगी फैजगंज बेहटा पुलिस

Connect News 24

बदायूं। फैजगंज बेहटा इलाके में नाटकीय ढंग से घर लौटा अपहृत फौजी लगातार अपना बयान बदल रहा है। कभी वह बदमाशों के छोड़ जाने की बात कह रहा है तो कभी खुद बदमाशों के चंगुल से भाग आने का बयान दे रहा है। इससे थाना पुलिस काफी हद तक मामले को फर्जी करार दे चुकी है। अब पुलिस ने फौजी को न्यायालय में पेश करने की तैयारी शुरू कर दी है। दो-एक दिन में उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा।

ग्राम मोहकमपुर निवासी फौजी जितेंद्र यादव 20 नवंबर को संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया था। इस पर परिवार वालों ने उसके मौसेरे भाई समेत तीन पर अपहरण की एफआईआर दर्ज कराई थी। तब से थाना पुलिस उसको तलाश कर रही थी। तीसरे दिन उसकी बाइक चंदौसी में खड़ी मिली थी। पुलिस ने भी टीम गठित कर उसकी तलाश तेज कर दी थी। थाना पुलिस किसी नतीजे पर पहुंचती इससे पहले मंगलवार शाम फौजी लौट आया लेकिन पुलिस को उसकी सूचना भी नहीं दी। इससे पुलिस शाम को उसे थाने ले आई।

पूछताछ के दौरान फौजी ने कई बार अपने बयान बदले लेकिन यह कबूल नहीं किया कि उसका अपहरण नहीं हुआ था। फौजी का कहना है कि उसको पट्टी बांधकर रखा गया था। इससे थाना पुलिस ने फौजी को न्यायालय में बयान दर्ज कराने की तैयारी शुरू कर दी है। फिर न्यायालय के बयान के अनुसार पुलिस कार्रवाई करेगी।

अगर फौजी ने न्यायालय में भी अपहरण का आरोप लगाते हुए बयान दिए तो पुलिस उसके अनुसार साक्ष्य जुटाएगी। विवेचना में अपहरण का आरोप झूठा पाया गया तो फौजी के खिलाफ कार्रवाई होगी और इसकी रिपोर्ट उसके हेडक्वार्टर भेजी जाएगी। एसओ वेद पाल सिंह ने बताया कि फौजी को न्यायालय में पेश करने की तैयारी चल रही है।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button