‘रात में थाने आ जाना’: चौकी प्रभारी पर लगा अश्लील बातें करने का आरोप, दुष्कर्म पीड़िता ने की एसएसपी से शिकायत


उत्तर प्रदेश पुलिस
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
दुष्कर्म पीड़ित युवती ने बारादरी थाने की एक चौकी के प्रभारी पर अश्लील बातें करने का आरोप लगाया है। केस वापस न लेने पर उसे जेल भिजवाने की धमकी देने का भी आरोप है। इसकी शिकायत एसएसपी दफ्तर में की गई है। वहीं चौकी प्रभारी ने आरोपों को झूठा बताया है।
दुष्कर्म पीड़िता ने बताया कि उसने एक महीने पहले मोहल्ला निवासी जावेद के खिलाफ दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसकी विवेचना जगतपुर चौकी पुलिस कर रही है। जगतपुर चौकी प्रभारी और एक सिपाही रोज रात को सात बजे उसे चौकी बुलाकर अश्लील बातें करते हैं। रोज ऐसा होने से मोहल्ले वाले उन्हें शक की नजर से देखने लगे हैं। जब उन्होंने रोज चौकी आने से इन्कार किया तो उन पर मुकदमे में समझौता करने का दबाव बनाया गया। ऐसा न करने पर जेल भिजवाने की धमकी दी गई।
पीड़िता ने आरोपी को गिरफ्तार करने और पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की है। इस मामले में जांच का आदेश दिया गया है। चौकी प्रभारी ने सफाई दी है कि दुष्कर्म पीड़ित का आरोप गलत है। युवती घटनास्थल का नक्शा बनवाने में मदद नहीं कर रही है।



