बदायूं

Budaun News: किसान बकरी पालन करें..बढ़ाएं अपनी आय

Connect News 24

पशु चिकित्सा एवं पशु पालन विभाग कर रहा किसानों को प्रेरित, 50 प्रतिशत की मिलेगी सब्सिडी

संवाद न्यूज एजेंसी

बदायूं। प्रदेश सरकार लगातार किसानों की आय बढ़ाने की कोशिश में है। अब पशु चिकित्सा एवं पशुपालन विभाग की ओर से भी नेशनल लाइव स्टोर मिशन के तहत किसानों को बकरी पालन के लिए प्रेरित किया जा रहा है। बकरी पालन से किसान आय दोगुना ही नहीं बल्कि तीन से चार गुना तक मुनाफा कमा सकते हैं।

नेशनल लाइव स्टोर मिशन के तहत किसान आराम से बकरी पालन कर सकते हैं। इसके तहत किसानों को 20 लाख रुपये का लोन दिया जा रहा है। उस पर 50 फीसदी सब्सिडी भी उपलब्ध कराई जा रही है। इस योजना के तहत किसान अपना आवेदन पशु चिकित्सा एवं पशुपालन विभाग में जमा कर सकते हैं।

नियम के अनुसार बकरी पालन के लिए कम से कम एक एकड़ जमीन होनी चाहिए। वहां बकरियों को धूप, बरसात आदि से बचाने का प्रबंध भी होना जरूरी है। इसके अलावा पेयजल की भी व्यवस्था होना जरूरी है।

पशु चिकित्सा एवं पशुपालन विभाग के अनुसार यह पांच साल की स्कीम है। आवेदन स्वीकार होने से पहले किसान के खाते में 30 फीसदी धनराशि भी होनी चाहिए। किसान को इसका प्रमाण भी दिखाना होगा। तभी किसान का करीब 70 फीसदी लोन स्वीकृत होगा। इसमें 50 फीसदी सरकार की ओर से सब्सिडी मिलेगी।

100 बकरियां और पांच बकरे मिलेंगे

इस योजना के तहत किसान को 100 बकरी और पांच बकरे मिलेंगे। किसान को अच्छी नस्ल की बकरी और बकरे चुनने का मौका दिया जाएगा। इसमें पशुपालन विभाग की ओर से भी किसान की मदद कराई जाएगी।

बकरी एक साल में दो बार देती है बच्चे

वैसे तो भारत में 21 नस्ल की बकरियां हैं। उनमें प्रमुख रूप से बरबरी, जमुनापारी, जखराना, ब्लैक बंगाल, मारवारी, बीटल, सिरोही, ओस्मानाबादी, कच्छी, सुरती और गद्दी आदि नस्ल की बकरियां ज्यादा हैं। इनमें कई नस्लें एक साल में दो बार बच्चे देतीं हैं। एक बकरी एक बार में तीन से चार बच्चे तक देती है। यही किसान की सबसे बड़ी आमदनी है।

इस समय नेशनल लाइव स्टोर मिशन के तहत बकरीपालन की योजना आई हुई है। इसके तहत 20 लाख रुपये का पैकेज है। इसमें बकरी पालन करना होगा। 50 फीसदी की सब्सिडी मिलेगी। यह किसानों के लिए अच्छा मौका है। किसान एक एकड़ जगह पर बकरी पालन कर सकते हैं।

– डॉ. निरंकार सिंह मलिक, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button