Pilibhit News: एटीएस ने पूरनपुर में डाला डेरा, आतंकवाद के दौर के रिकॉर्ड खंगाला
पूरनपुर। लखनऊ से आई एटीएस की टीम ने कोतवाली पहुंचकर आतंकवाद के दौर का रिकॉर्ड खंगाला। टीम अभी नगर में ही डेरा डाले है। हालांकि टीम ने अपने दौरे और रिकॉर्ड खंगालने के मकसद के बारे में कुछ भी बताने से इन्कार कर दिया है।
तहसील क्षेत्र समेत पूरे जिले में 90 के दशक में आतंकवाद चरम पर था। शाम होते ही गांवों के अलावा नगर में भी सन्नाटा पसर जाता था। थानों के गेट बंद कर लिए जाते थे। दिन-दहाड़े नगर से फिरौती के लिए अपहरण की घटनाएं होती थी। धनाढ्य लोगों को फिरौती के पत्र मिलना आम बात थी। आतंकवादियों ने उस दौर में दियूरिया के जंगल में कटरुआ बीनने गए कई लोगों की सामूहिक हत्या कर दी थी, जो प्रदेश भर में चर्चा का विषय बनी रही।
तमाम ऐसी घटनाएं हुई जिन्हें याद कर लोग आज भी सिहर जाते हैं। सोमवार को एटीएस के इंस्पेक्टर रमेश चंद्र यादव के नेतृत्व में पांच सदस्यीय टीम पूरनपुर कोतवाली पहुंची। टीम ने आतंकवाद के दौर वर्ष 1990 से 93 तक का रिकॉर्ड खंगाला। टीम अभी नगर में ही डेरा जमाए है। इंस्पेक्टर एटीएस रमेश चंद्र यादव ने रिकॉर्ड खंगालने आदि को लेकर कुछ भी बताने से इन्कार कर दिया।
पिछले कुछ समय से पंजाब में चल रही आंतकी गतिविधियों के तार भी पूरनपुर से जुड़े हैं। कई बार पंजाब पुलिस यहां आ चुकी है। कभी गैंगस्टर के मामले में तो कभी संदिग्ध आतंकी की तलाश में। माना जा रहा है कि पुलिस पूर्व के आतंकियों के यहां से कनेक्शन ढूंढ रही है।