Budaun News: किसानों को घरों के पास मिलेगा डीजल-पेट्रोल
जिले मेें समितियां चलाएंगी पेट्रोल पंप
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। जिले के किसानों को डीजल और पेट्रोल लेने के लिए दूर के पंपों पर नहीं जाना पड़ेगा, क्योंकि सहकारी समितियों को जिले में चार पेट्रोल पंप खोलने की मंजूरी मिल गई है। इसके लिए जगहों का भी निर्धारण कर लिया गया है। इन पंपों के माध्यम से जहां सहकारी समितियों की आय बढ़ेगी, वहीं वहां पर काम करने वाले कर्मचारियों की दशा भी सुधरेगी। इन पेट्रोल पंपों को उत्तर प्रदेश सहकारी संघ के माध्यम से संचालित किया जाएगा।
जिले में करीब 100 साधन सहकारी समितियां संचालित हैं। अब तक किसान इन समितियों से खाद और केसीसी का लाभ लेते रहे हैं। इनमें कुछ समितियों पर सीजन में धान और गेहूं की खरीद की जाती है। अब तक इन पर केवल यह ही सुविधाएं किसानों को मिल रहीं थी, लेकिन अब इन समितियों पर पेट्रोल पंप भी संचालित होंगे।
पहले चरण में शासन की तरफ से चार समितियों का चयन पेट्रोल पंप संचालन के लिए किया गया है। इसमें बिसौली की साधन सहकारी समिति मुसिया नगला और पंपगांव, इस्लामनगर की सिठौली व आसफपुर की मिर्जापुर बेहटा शामिल हैं। इसको उत्तर प्रदेश सहकारी संघ के माध्यम से संचलित किया जाएगा।
पिछले दिनों अधिकारियों ने इन जगहों का निरीक्षण किया था। साथ ही समितियों पर पेट्रोल पंप के स्थापना के लिए सर्वे करने के बाद भूमि की नापी गई थी। इस संबंध में सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक महेंद्र सिंह ने बताया कि जल्द ही इनकी स्थापना को लेकर काम शुरू किया जाएगा।