Budaun News: साइकिल लग जाने पर तीन छात्रों को बंधक बनाया, छुड़ाने पहुंचे पिता की पिटाई

पीड़ित छात्र
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
बदायूं के बिल्सी थाना क्षेत्र के गांव रिसौली से कोचिंग पढ़ने के लिए निकले तीन छात्रों में एक की साइकिल राहगीर के लग जाने पर कहासुनी के बाद हंगामा हो गया। तीनों छात्रों को घेरकर आरोपी युवक अपने घर ले गया और उन्हें बंधक बना लिया। इसकी भनक लगते ही छात्र के पिता मौके पर पहुंचे तो उन पर हमला कर दिया। इसमें छात्र के पिता और बचाव में जुटे अधिवक्ता के चोट आई है। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना मंगलवार सुबह करीब सात बजे की है। बिल्सी थाना क्षेत्र के गांव रिसौली निवासी शेखर सिसोदिया पुत्र भुवनेश्वर सिंह, वेदांत पुत्र लक्ष्मण शाक्य और अर्जुन पुत्र जितेंद्र शाक्य 12वीं के छात्र हैं। तीनों उझानी में कोचिंग पढ़ने आते हैं। दो साइकिलों से तीनों गांव पृथ्वीनगला के पास पहुंचे, तभी एक की साइकिल गंगासिंह के बच्चे से टकरा गई। छात्र साइकिल रोककर उसी के पास खड़े हो गए। उसी दौरान गंगासिंह परिवार की महिलाओं और दो युवकों के साथ मौके पर आ धमका। उसने तीनों छात्रों से हाथापाई कर दी। बाद में वह तीनों छात्रों को घेरकर अपने घर ले गया। आरोप है कि तीनों को बंधक बना लिया गया।
छात्र ने फोन कर पिता को बुलाया
हाथापाई से घबराए वेदांत ने अपने पिता लक्ष्मण शाक्य को फोन कर मौके पर बुला लिया। लक्ष्मण वजह पूछता, उससे पहले ही गंगासिंह ने डंडा फटकारना शुरू कर दिया। लक्ष्मण के पैरों में डंडे मारे गए। रिसौली निवासी अधिवक्ता अरविंद शाक्य ने गंगासिंह को समझाने की कोशिश की तो उनके कपड़े फाड़ डाले।


