Budaun News: दादी की हत्या कर भागा युवक गिरफ्तार, बोला- पछतावा कैसा
– दो महीने पहले गांव भैंसोरा में हुई थी बुजुर्ग रहीसा देवी की हत्या
संवाद न्यूज एजेंसी
उझानी (बदायूं)। दो महीना पहले बुजुर्ग दादी रहीसा देवी की हत्या के बाद से फरार अवनीश उर्फ सल्लू को पुलिस ने सोमवार की सुबह पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान उसने बताया कि वह दादी की हत्या नहीं करता तो वह अपने बेटे की जमानत के लिए जमीन बेच डालतीं।
21 मार्च को गांव भैंसोरा निवासी रहीसा देवी (70) की हत्या उन्हीं के घर में कर दी गई थी। घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची तो परिवार के कुछ लोगों ने नाती अवनीश उर्फ सल्लू की भूमिका पर सवाल उठाए थे। इसकी भनक लगते ही सल्लू घर से भाग गया था। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया तो रहीसा के सिर में चोट और लिवर फटने की बात सामने आई थी।
मृतका के भाई सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के गांव पलिया मेहंदी निवासी नरेश ने सल्लू को नामजद कराया था। प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार सिंह ने बताया कि सल्लू का पिता ओमवीर जेल में है। हत्या से एक दिन पहले ही रहीसा देवी ने जेल में ओमवीर से मुलाकात की थी। इसके बाद वह बेटे की जमानत के लिए जमीन बेचने का सौदा करने लगीं। जब इसकी भनक सल्लू को लगी तो उसने बुजुर्ग दादी की हत्या कर दी। पुलिस ने पूछताछ के बाद सल्लू को कोर्ट में पेश किया। पेशी के बाद उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
तिहरे हत्याकांड में जेल में
है सल्लू का पिता ओमवीर
बरेली जिले के फरीदपुर थाना क्षेत्र में जनवरी में तिहरे हत्याकांड में सुरेशपाल तोमर के साथ ओमवीर का भी नाम सामने आया था। ओमवीर घटना के बाद कई दिन तक फरार भी रहा, लेकिन मार्च में उसने आत्मसमर्पण कर दिया था। वह सुरेश तोमर का करीबी बताया जाता है। ओमवीर की जमानत के लिए मां रहीसा ने जमीन बेचने की बात चलाई थी। सल्लू चाहता था कि भले ही पिता की जमानत में देर लगे, लेकिन जमीन न बेची जाए।


