Budaun News: औद्योगिक गलियारे के लिए उपजाऊ भूमि का नहीं किया जाए अधिग्रहण
– मुख्यमंत्री से मिला किसानों का प्रतिनिधिमंडल, सुनवाई न होने पर आंदोलन की दी चेतावनी
संवाद न्यूज एजेंसी
वजीरगंज। औद्योगिक गलियारे के लिए अधिग्रहीत की जा रही भूमि का विरोध कर रहे किसानों के एक प्रतिनिधि मंडल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर अपनी समस्याओं से अवगत कराया। किसानों ने मुख्यमंत्री को एक ज्ञापन सौंपकर अनुरोध किया कि वह किसानों के हित में उनकी अत्यधिक उपजाऊ भूमि के स्थान पर आसपास की बंजर भूमि के अधिग्रहण का आदेश दें।
प्रदेश में उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए योगी सरकार के सभी एक्सप्रेस वे के एंट्री तथा एग्जिट प्वाइंट पर औद्योगिक गलियारा बनाने के फैसले के बाद यूपीडा द्वारा ज़मीन के अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। क्षेत्र में वनकोटा स्थित गंगा एक्सप्रेस वे के एंट्री तथा एग्जिट प्वाइंट पर तहसील प्रशासन द्वारा प्रक्रिया शुरू करते ही यहां के किसानों ने विरोध करना शुरू कर दिया है।
उनका कहना है कि यहां की भूमि अत्यधिक उपजाऊ है तथा किसानों के जीविकोपार्जन का एक मात्र यही सहारा है। पहले ही उनकी काफी भूमि एक्सप्रेसवे में जा चुकी है, अब अगर बाकी भूमि का भी अधिग्रहण कर लिया जाता है तो सैकड़ों किसान बेरोजगार हो जाएंगे और उनके सामने परिवार को पालने का संकट खड़ा हो जाएगा।
किसानों ने बीते दिनों डीएम मनोज कुमार से भेंट कर उपजाऊ भूमि का अधिग्रहण न करने का अनुरोध किया था। वहीं, सोमवार को किसानों का एक प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री के आवास पर पहुंचकर उनसे मिला। ज्ञापन में किसानों ने अनुरोध स्वीकार न होने पर धरना प्रदर्शन कर आंदोलन की चेतावनी भी दी है। प्रतिनिधि मंडल में हरिओम सिंह, अमन प्रताप सिंह, चंद्रभान सिंह, राकेश चौहान, विपिन प्रधान, आशीष लल्ला आदि किसान शामिल थे।