Budaun News: पहले दुष्कर्म किया, फिर की शादी, अब दहेज के लिए घर से निकाला
-दो बार गर्भपात कराने का आरोप, एसएसपी के आदेश पर छह के खिलाफ एफआईआर
-लव मैरिज के बाद युवती वापस ले चुकी थी दुष्कर्म का केस
संवाद न्यूज एजेंसी
उझानी (बदायूं)। प्रेमजाल में फंसाकर दुष्कर्म किया। गर्भवती होने पर मामला खुला तो गिरफ्तारी के डर से शादी कर ली। अब तीन लाख रुपये दहेज के लिए घर से निकाल दिया। पीड़िता की शिकायत पर पति समेत छह लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। आरोप है कि इस दौरान पति ने दो बार उसका गर्भपात भी कराया।
दुष्कर्म का मामला पिछले साल सुर्खियों में रहा था। बदायूं में अस्थायी से रूप से रह रहे युवक ने कटरी के एक गांव में रहने वाली युवती को प्रेमजाल में फंसा लिया। गर्भवती होने पर मामला खुला तो युवती के भाई ने कोतवाली क्षेत्र के गांव मिर्जापुर निवासी नितीश कुमार को दुष्कर्म करने और उसके पिता अनिल और मां राजकुमार को षड्यंत्र में शामिल बताकर नामजद करा दिया था। गिरफ्तारी के डर से नितीश ने अपने रिश्तेदारों और परिजनों की मदद से दुष्कर्म पीड़िता की मनौव्वल की और शादी कर ली।
अब, पीड़िता फिर एसएसपी के पास पहुंची और नितीश पर नशीला पदार्थ खिलाकर दो बाद गर्भपात कराने का आरोप लगाया। साथ ही तीन लाख रुपये दहेज लाने के लिए प्रताड़ित करने और घर से निकालने का आरोप लगाया। आरोप लगाया कि दूसरी बार गर्भपात कराकर नितीश उसे अस्पताल में छोड़ गया। इसके बाद से वह अपने पिता के घर पर रह रही है।
एसएसपी के आदेश पर दहेज उत्पीड़न में नितीश, उसके पिता अनिल, मां राजकुमारी, जेठ अंकित और रिश्तेदार उसावां थाना क्षेत्र के गांव नगरिया चिकन निवासी पुत्तूलाल और उसकी पत्नी वीरावती के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई।
तो फिर दुष्कर्म के केस से बचना था मकसद
– दहेज उत्पीड़न में पति नितीश समेत सास, ससुर, जेठ और रिश्तेदारी दंपती की नामजदगी के बाद पुराने मामले को लेकर पीड़िता पक्ष के पैरोकार आरोपियों की भूमिका पर सवाल उठाने लगे हैं। उनका कहना है कि नितीश ने दुष्कर्म के केस में गिरफ्तारी से बचने के लिए ही पीड़िता से शादी की। अब, पीड़िता से कहा गया है कि वह अगर तीन लाख रुपये अपने पिता से लाकर नहीं देती है, किसी और से शादी कर सकती है। पीड़िता ने एफआईआर में इसका जिक्र भी किया है।
– महिला एसएसपी के सामने पेश हुई थी। उसके शिकायती पत्र के आधार पर रिपेार्ट दर्ज कर ली गई है। उसके भाई ने पिछले साल दहेज उत्पीड़न के आरोपियों में से नितीश के खिलाफ दुष्कर्म का केस दर्ज कराया था।- मनोज कुमार सिंह, प्रभारी निरीक्षक



