Budaun News: खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने कई जगह मारे छापे, 17 नमूने लिए

गोदाम पर छापा मारती खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम। संवाद
नमूनों को जांच के लिए लैब पर भेजा, रक्षाबंधन के मद्देनजर की गई कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। खाद्य सुरक्षा व औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने जिलेभर में छापे मारे। इस दौरान 17 नमूने लिए और जांच के लिए लैब पर भेजे।
रक्षाबंधन को ध्यान में रखते हुए खाद्य सुरक्षा व औषधि प्रशासन विभाग की ओर से गठित टीम ने खाद्य सुरक्षा अधिकारी सत्येंद्र सिंह तोमर, भूपेंद्र सिंह, यतीश कुमार, जितेंद्र कुमार, शंभूदयाल पटेल, माता शंकर बिंद के नेतृत्व में छापा मारा।
इस दौरान टीम अलापुर बाजार, म्याऊं बाजार व कादराबाद पहुंची। यहां पर टीम ने खाद्य प्रतिष्ठानों से मावा के दो, पेड़े के चार, बर्फी और दूध के एक-एक समेत कुल नौ नमूने संग्रहित किए। दूसरी टीम ने मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी धनंजय कुमार शुक्ल के साथ खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजीव कुमार, देवकांत, शहाबुद्दीन दोस्त के नेतृत्व में ओरछी चौराहा, सैदपुर बाजार व भूड बिसौली गांव में छेना के रसगुल्ला निर्माण इकाई पर नमूना लिया। इसमें मिश्रित दूध के चार, छेना मिठाई के तीन, दूध की लौज का एक नमूना लिया। सोमवार को कुल 17 नमूने संग्रहित किए गए। जिन्हें विश्लेषण के लिए खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला प्रेषित किया जा रहा है।