Budaun News: दातागंज से चार बार विधायक रहे अवनीश कुमार सिंह का निधन

फाइल फोटो अवनीश कुमार सिंह पूर्व विधायक दातागंज
– 1977 में पहली बार चुने गए थे विधायक, भाजपा जिलाध्यक्ष रहे छह साल
– लालपुल स्थित मुक्तिधाम में आज पूर्वाह्न में होगा उनका अंतिम संस्कार
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। दातागंज के पूर्व विधायक अवनीश कुमार सिंह उर्फ पप्पू भइया का बुधवार की दोपहर निधन हो गया। वह काफी समय से बीमार थे और घर पर ही उनका उपचार चल रहा था। उनके निधन की सूचना पर भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता समेत कई भाजपा नेता पहुंचे और परिजनों को सांत्वना दी। उनका अंतिम संस्कार बृहस्पतिवार को होगा।
अवनीश कुमार सिंह उर्फ पप्पू भइया मूलरूप से दातागंज कोतवाली क्षेत्र के गांव मझारा के रहने वाले थे। वह 79 साल के थे। 20 जनवरी 2021 को गांव में भ्रमण के दौरान अचानक उनको ठोकर लगी थी, जिससे उनको गंभीर चोटें आईं थीं। उन्हें ब्रेन हेमरेज हो गया था। परिवार वालों ने उन्हें बरेली में भर्ती कराया था। वहीं उनका ऑपरेशन हुआ था। उसके बाद से पूर्व विधायक का घर पर उपचार चल रहा था।
भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार ने बताया कि पप्पू भइया करीब 50 साल से ज्यादा समय से भाजपा से जुड़े थे। वह 1972 में पहली बार समरेर ब्लॉक प्रमुख बने थे। इसके बाद वर्ष 1977 में दातागंज के विधायक चुने गए। इसके बाद वर्ष 1984, 1991 और 1993 में भी विधायक चुने गए। वर्ष 1985 से 1991 तक भाजपा जिलाध्यक्ष भी रहे। उनके परिवार में एक बेटा राहुल सिंह और एक बेटी रीतू सिंह है। उनके एक पौत्री और दो धेवती हैं। पत्नी राकेश कुमारी ने उनकी काफी सेवा की। उनके निधन की सूचना पर सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता, पूर्व विधायक प्रेमस्वरूप पाठक, एमएलसी शैलेश पाठक, एमपी सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष नरेंद्र पाल सिंह, राणा प्रताप सिंह, दीपमाला गोयल समेत कई नेता उनके आवास पहुंचे। बृहस्पतिवार सुबह उनका अंतिम संस्कार लालपुल स्थित मुक्तिधाम में किया जाएगा।
पूर्व विधायक के पिता रहे थे कानून मंत्री
पूर्व विधायक अवनीश कुमार सिंह के पिता हरीश सिंह भी दातागंज के दो बार विधायक रहे थे। वह कानून मंत्री भी रहे। उससे पहले हरीश सिंह जज थे। सेवानिवृत्त होने के बाद उन्होंने राजनीति में कदम रखा था। उनके समय में ही पूर्व विधायक राजनीति से जुडे और ब्लॉक प्रमुख चुने गए। बाद में विधायक बने।

फाइल फोटो अवनीश कुमार सिंह पूर्व विधायक दातागंज

फाइल फोटो अवनीश कुमार सिंह पूर्व विधायक दातागंज