Budaun News: धोखाधड़ी से कराया जमीन का बैनामा, सात पर रिपोर्ट
सहसवान। धोखाधड़ी से जमीन का बैनामा कराने के आरोप में पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
नगर के मोहल्ला नसरुल्लागंज निवासी राशिद का कहना कि उसके पिता इदरीस के नाम भगता नगला में जमीन है। उसके पिता की शादी नसीम बेगम के साथ हुई थी। तब वह छोटा का था। पिता ने मां को तलाक दे दिया और फिर बाद में परवीन नाम की महिला से दूसरी शादी कर ली। उसके पिता की 26 अक्तूबर 2015 को मृत्यु हो गई।
आरोप है कि पिता की मृत्यु से पहले उसके सौतेले भाई इमरान और बुआ बिलकीस ने अंगूठा लगाकर वसीयतनामा करा लिया। रजिस्ट्री कार्यालय में तैनात एक व्यक्ति ने इस शर्त पर वसीयतनामा रजिस्ट्री कराया कि वह इस भूमि का उसकी पत्नी के नाम इकरारनामा करेगा। वसीयतनामा लागू होने के बाद आरोपितों ने कर्मचारी की पत्नी के नाम 13 नवंबर 2019 को बैनामा कर दिया।
जब उसने दाखिल खारिज में आपत्ति की तो उसे धमकियां देकर रजामंदी करा ली गई। आरोप है कि उसके फर्जी दस्तखत बनाकर सहमति पत्र बना लिया गया। उसने रिपोर्ट दर्ज कराने को पुलिस से शिकायत की लेकिन पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। अब न्यायालय के आदेश पर धोखाधड़ी की धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है। संवाद