Budaun News: खतरे के निशान से नीचे आई गंगा

उसहैत क्षेत्र के सरेरी गांव में बहती गंगा।
रामगंगा के जलस्तर में लगातार हो रही बढ़ोतरी
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। पहाड़ों और मैदानी क्षेत्र में हो रही बारिश का असर गंगा और रामगंगा पर भी देखने को मिल रहा है। शनिवार को गंगा खतरे के निशान से ऊपर बह रह थी, लेकिन रविवार को जलस्तर में कमी दर्ज की गई।
जिले में होकर निकली रही गंगा का कछला में मीटरगेज स्थापित है। इसमें 162 मीटरगेज पर खतरे का निशान है। शनिवार को मीटरगेज पर गंगा का जलस्तर 162.15 मीटरगेज था जो खतरे से निशान से 15 सेंटीमीटर ऊपर था। वहीं रविवार को यह घटकर 161.94 मीटरगेज रह गया। जलस्तर के उतार-चढ़ाव के कारण उसहैत, उसावां और गंगा-महावा बांध किनारों पर कटान होने से इन तीनाें तटबंधों को अति संवेदनशील घोषित कर दिया गया है।
जबकि जोरी नगला में तटबंध संवेदनशील घोषित किया गया है। जिला प्रशासन ने तहसील की बाढ़ चौकियों को अलर्ट कर दिया है।
–
रामगंगा का बढ़ रहा जलस्तर
मानसून सक्रिय होने के साथ ही रामगंगा के जलस्तर में तेजी आ गई है। पिछले एक सप्ताह से जलस्तर धीरे-धीरे बढ़ रहा है। रविवार को जलस्तर 160.120 मीटरगेज दर्ज किया गया, जबकि शनिवार को यह 159.100 मीटरगेज था।
–
वर्जन
गंगा के जलस्तर में उतार-चढ़ाव जारी है। शनिवार को गंगा खतरे के निशान से ऊपर चली गई थी, हालांकि रविवार को जलस्तर में कमी दर्ज की गई है। आने वाले दिनों में जलस्तर और कम होने की संभावना है।
-नेशपाल सिंह, सहायक अभियंता बाढ़ खंड