Budaun News: मुजरिया के कटैया केसर में काट दिए गए हरे पेड़

मुजरिया में माफिया द्वारा काटे गए पेड़।
डीएफओ ने कहा-टीम भेजकर कराई जाएगी जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजरिया (बदायूं)। एक ओर प्रशासन पौधरोपण करा रहा है तो वहीं मुजरिया इलाके में सक्रिय लकड़ी माफिया लगातार हरे पेड़ों को निशाना बना रहे हैं। इसी के चलते अब कटैया केसर गांव में सड़क किनारे खड़े कई हरे पेड़ काटे जाने का मामला सामने आया है। डीएफओ का कहना है कि मौके पर टीम भेजकर जांच कराई जाएगी।
थाना क्षेत्र के गांव कटैया केसर में सड़क किनारे कई नीम, आम और शीशम के पेड़ खड़े थे। सहसवान का माफिया गांव के एक व्यक्ति के इशारे पर पेड़ काटकर ले गया। ग्रामीणों को तब पता चला जब उन्होंने सड़क किनारे खड़े पेड़ गायब देखे। मौके पर तमाम लकड़ियां पड़ी थीं। यहां बता दें कि इससे पहले गांव दरियापुर में भी ऐसे ही पेड़ काट दिए गए थे।
इस संबंध में लेखपाल का कहना है कि पेड़ों की नीलामी नहीं हुई थी। इंस्पेक्टर दिनेश कुमार शर्मा ने बताया कि उन्हें मामले की जानकारी नहीं है। डीएफओ अशोक कुमार सिंह ने भी ऐसी किसी जानकारी से इन्कार किया। बोले-टीम भेजकर जांच कराई जाएगी।