Budaun News: महायोजना-2031 की आपत्तियों और सुझावों पर सुनवाई शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी, बदायूं
Updated Tue, 20 Jun 2023 12:45 AM IST

कलक्ट्रेट में अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ बैठक करते सिटी मजिस्ट्रेट बृजेश कुमार सिंह। संवाद
बदायूं। सिटी मजिस्ट्रेट ब्रजेश कुमार सिंह ने बताया कि महायोजना-2031 प्रारूप के संबंध में आईं आपत्तियों पर सुनवाई शुरू हो गई है। सोमवार को भी तमाम आपत्तियों पर सुनवाई हुई। कई आपत्तियां सूचीबद्ध की गई हैं। अभी 20 और 21 जून को भी सुनवाई होगी।
उन्होंने बताया कि इस महायोजना 2031 के तहत कलक्ट्रेट परिसर में 10 अक्तूबर 2022 से नौ नवंबर 2022 तक प्रदर्शनी लगाई गई थी। इस संबंध में लोगों से आपत्तियां और सुझाव मांगे गए थे। इसके लिए 19 जून तारीख तय की गई थी। सोमवार को इसके तहत कलक्ट्रेट सभाकक्ष में सुनवाई शुरू हुई। सभी 460 मामलों को सूचीबद्ध किया गया। पहले दिन 152 आपत्तियों और सुझाव को सूचीबद्ध किया और 147 मामलों की सुनवाई हुई। उन्होंने बताया कि इन मामलों में गंभीरता पूर्वक सुनवाई हुई है। उनमें नियम के अनुसार कार्य कराया जाएगा।
सिटी मजिस्ट्रेट ने बताया कि जो आपत्तिकर्ता हैं वह समिति के सामने उपस्थित रहकर अपनी आपत्ति और सुझाव जरूर दें, जिससे उनकी आपत्ति और सुझाव पर सुनवाई हो सके। उसके बारे में समिति ठीक से समझ सके। तभी उनके संबंध में कुछ ठोस कदम उठाया जा सकता है। इस दौरान अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग मुनीश कुमार, नगर एवं ग्रामीण नियोजन विभाग के टाउन प्लानर रविंद्र कुमार गौतम, सहायक अभियंता श्याम बाबू समेत कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।



