Budaun News: प्रयागराज से बदायूं होकर काठगोदाम तक ट्रेन चलने की जगी उम्मीद

उझानी। प्रयागराज से कानपुर, कन्नौज, कासगंज के रास्ते बदायूं होकर काठगोदाम के लिए सीधी ट्रेन चलाने के लिए राजनीतिक स्तर पर पहल शुरू हो गई है। फूलपुर की भाजपा सांसद केशरी देवी पटेल ने इसके लिए रेलमंत्री अश्वनी वैष्णव को चिट्ठी भेजी है। रेलमंत्री ने इसे बोर्ड को भेज दिया है।
बदायूं और कासगंज होकर फिलहाल लालकुआं-कानपुर अनवरगंज के बीच सात नवंबर से 30 दिसंबर तक स्पेशल ट्रेन चल रही है। लालकुआं- अनवरगंज-लालकुआं सप्ताह में तीन दिन चलती है। इसके अलावा पहाड़ को कानपुर से जोड़ने के लिए कोई नियमित ट्रेन नहीं है। प्रयागराज और काठगोदाम के बीच बाया कानपुर, कासगंज और बदायूं के रास्ते भी कोई ट्रेन नहीं चल रही है।
फूलपुर की सांसद ने बाया कानपुर सेंट्रल, अनवरगंज, कन्नौज, कासगंज, बदायूं होकर बरेली के रास्ते काठगोदाम तक एक जोड़ी सीधी ट्रेन के संचालन के लिए रेलमंत्री को चिट्ठी लिखी है। इससे इलाके के लोगों को प्रयागराज से काठगोदाम का सफर सुगम होने की उम्मीद बंधी है। दरअसल, बदायूं के लोगों के लिए प्रयागराज जाने के लिए बरेली जंक्शन से ट्रेन पकड़नी होती है।
इधर, बदायूं का औद्योगिक व व्यावसायिक जुड़ाव कानपुर और कन्नौज से भी है। इलाके के व्यापारियों का इन शहरों से सीधा संपर्क रहता है। लालकुआं और काठगोदाम के रास्ते पहाड़ों पर पर्यटन के लिए भी आना-जाना रहता है। प्रयागराज से फतेहपुर, कानपुर, कासगंज, बदायूं और बरेली के रास्ते ट्रेन से काठगोदाम तक का सफर करने पर दूरी करीब 650 किलोमीटर है।
उझानी में नहीं है लालकुआं-कानपुर अनवरगंज का स्टॉपेज
सात नवंबर से 30 दिसंबर तक संचालित लालकुआं-कानपुर अनवरगंज- लालकुआं स्पेशल ट्रेन का बरेली और कासगंज के बीच बदायूं और सोरों के अलावा कोई स्टॉपेज नहीं है। दोनों ओर से यह स्पेशल ट्रेन उझानी स्टेशन पर नहीं रुकती है। उझानी के यात्रियों को इस ट्रेन में सफर करने के लिए बदायूं या फिर कासगंज जिले के सोरों नगर जाना पड़ता है। स्पेशल ट्रेन का उझानी में स्टॉपेज घोषित कराने के लिए इलाके के लोग कई बार मांग भी कर चुके हैं।
प्रयागराज और काठगोदाम के बीच कासगंज, बदायूं होकर सीधी ट्रेन चलाने के लिए फूलपुर की सांसद ने चिट्ठी भेजी है तो उस पर विचार के बाद ही मंत्रालय पूर्वोत्तर रेलवे के गोरखपुर मुख्यालय को प्रस्ताव भेजेगा। इसके बाद ही आगे की प्रक्रिया शुरू होगी। – राजेंद्र सिंह, जनसंपर्क अधिकारी, इज्जतनगर मंडल