Budaun News: जलस्तर घटा तो कटान का डर बढ़ा

कौतल नगला में खेतों में भरा बाढ़ का पानी। संवाद
उसहैत, सहसवान के निचले इलाकों में रहने वाले ग्रामीण जाग कर रातें काटने को मजबूर
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं/ सहसवान। गंगा नदी में आई बाढ़ ने दर्जनों गांवों में तबाही मचा रखी है, जलस्तर में कमी आने के बाद अब प्रभावित इलाकों में तेजी से कटान शुरू हो गया है। ऐसे में उसहैत, सहसवान के निचले इलाकों में बसे ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है। ग्रामीण पेट्रोमैक्स जलाकर कटान वाले स्थान पर जागकर रातें काटने को मजबूर हैं।
जिले की सहसवान तहसील क्षेत्र में तोफी नगला, खागी नगला, परशुराम नगला, वीर सहाय नगला, कौतल नगला आदि गांवों में बाढ़ ने तबाही मचा रखी है। आलम ये है कि बाढ़ का पानी लोगों के घरों में घुस गया है। जिसकी वजह से लोगों को घरों को छोड़ने पर मजबूर होना पड़ गया है। वहीं तहसील क्षेत्र में हजारों बीघा फसल पूरी तरह से जलमग्न हो गई है।
बाढ़ प्रभावित लोगों ने बताया कि जिले में बारिश तो सामान्य हुई, लेकिन पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश के कारण पानी छोड़ने के कारण काफी तबाही हुई है। हरपाल सिंह, खेतल सिंह, कलक्टर और कृपाल ने बताया कि बाढ़ उनकी फसल को पूरी तरह से निगल गई है। घर में रखा अनाज और अन्य खाद्य सामग्री भी पानी में बह गई है। जिसकी वजह से खाने-पीने तक को वे परेशान है।
उन्होंने बताया कि गांव के सैकड़ों लोग गंगा-महावा तटबंध पर अस्थायी घर बनाकर रह रहे हैं। इन लोगों का कहना था कि बीते तीन दिन में जलस्तर में गिरावट आयी है, ऐसे में अब कटान ने उनकी चिंता बढ़ा दी है।
–
कछला : अब भी सड़क पर बह रहा पानी
कछला। कस्बे के गांव पंखिया नगला के हालात अब भी खराब बने हुए हैं। मुख्य सड़क पर एक से डेढ़ फुट पानी भबा हुआ है तो कई घरों में पानी भर गया है। बिजली नहीं आने से उन लोगों की दिक्कत बढ़ गई है। संवाद
–
दातागंज और सहसवान में किया लोगों का इलाज
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार सोमवार को 33 टीमों ने 113 मरीजों का इलाज किया। इस दौरान पांच टीमें तहसील सहसवान क्षेत्र में गईं। वहां पर 62 लोगों का इलाज किया। जबकि 16 टीमें तहसील दातागंज क्षेत्र में गई। वहां पर 51 लोगों को उपचार किया। वहीं तहसील सदर में छह टीम गईं। यहां उन्हें कोई व्यक्ति बीमार नहीं मिला।
–
बैराजों से छोड़ा गया पानी
-नरौरा-155238 क्यूसेक
-बिजनौर-80324 क्यूसेक
-हरिद्वार-89007 क्यूसेक
–
-कछला पर खतरे का निशान 162 मीटरगेज पर
-कछला में 162.73 मीटरगेज पर बह रही गंगा

कौतल नगला में खेतों में भरा बाढ़ का पानी। संवाद

कौतल नगला में खेतों में भरा बाढ़ का पानी। संवाद

कौतल नगला में खेतों में भरा बाढ़ का पानी। संवाद



