Budaun News: परीक्षा छूटी तो न हो परेशान, आज से भर सकते है परीक्षा सुधार फाॅर्म
ऑनलाइन आवेदन के लिए उपलब्ध होंगे फाॅर्म, 25 सितंबर है अंतिम तिथि
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। रुहेलखंड विश्वविद्यालय से संबद्ध कॉलेजों के स्नातक एवं परास्नातक के जिन परीक्षार्थियों की वर्ष 2023 की परीक्षा किसी कारणवश छूट गई है वे अब पुन: परीक्षा के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए जल्द ही 15 सितंबर से ऑनलाइन फार्म विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध होंगे।
रुहेलखंड विश्वविद्यालय की तरफ से पिछले दिनों स्नातक और परास्नातक की परीक्षाएं कराई गईं थीं। इसमें कुछ परीक्षार्थी फेल हो गए थे तो कुछ परीक्षा देने से वंचित रह गए। ऐसे परीक्षार्थी अब परीक्षा दे सकते हैं। इसके लिए विश्वविद्यालय द्वारा ऑनलाइन परीक्षा फार्म उपलब्ध कराए जाएंगे। शुक्रवार से यह फॉर्म उपलब्ध होंगे, जिनकी अंतिम तिथि 25 सितंबर रखी गई है।
इसके साथ ही परीक्षा शुल्क ऑनलाइन जमा करने की अंतिम तिथि 26 सितंबर निर्धारित की गई है। विश्वविद्यालय के अनुसार, अभ्यर्थी डेबिटकार्ड, क्रेडिटकार्ड, नेट बैकिंग से शुल्क जमा कर सकते हैं।
–
शारीरिक शिक्षा, पर्यावरण विज्ञान में नॉट क्लीयर्ड होने पर करें आवेदन
विश्वविद्यालय ने उन छात्र-छात्राओं को भी मौका दिया है, जिन्होंने 2022 या इससे पहले स्नातक स्तर पर खेलकूद एवं शारीरिक शिक्षा व पर्यावरण विज्ञान विषय में नॉट क्लीयर्ड किया हो। वे भी 15 सितंबर से उसके लिए आवेदन कर सकते हैं।
–
प्रयोगात्मक परीक्षा छूटी है तो देने होंगे 1250 रुपये
अगर किसी कारणवश किसी परीक्षार्थी की स्नातक स्तर पर बीएससी, गृहविज्ञान, कंप्यूटर साइंस, बायोटेक्नालॉजी, बीकॉम तथा परास्नातक में एमएससी गृहविज्ञान, बीएड, एमएड, बीएलएड व बीपीएड की 2023 की प्रयोगात्मक परीक्षा छूट गई होगी तो वे 1250 रुपये जमा करके दोबारा से प्रयोगात्मक परीक्षा दे सकता है।