Budaun News: आईएमए अध्यक्ष ने तीमारदारों से टकराव की बढ़ती घटनाओं पर जताई चिंता
बदायूं। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) की बैठक शनिवार को जिला मुख्यालय पर हुई। इसमें डाॅक्टरों और तीमारदारों के बीच बढ़ती टकराव की घटनाओं समेत कई मुद्दों पर चर्चा की गई। आईएमए अध्यक्ष डॉ. संजीव गुप्ता ने डॉक्टरों और तीमारदारों के बीच टकराव पर गहरी चिंता जताई।
उन्होंने कहा कि डॉक्टरों और मरीजों के बीच तनाव व कहासुनी की खबरें आम हो गई हैं। आए दिन कहीं न कहीं डॉक्टर और मरीज के बीच टकराव की खबरें आती रहती हैं। इन परिस्थितियों में मरीज और उनके परिजन डॉक्टर पर कार्रवाई की मांग करते हैं, दूसरी तरफ इसके विरोध में डॉक्टर हड़ताल पर चले जाते हैं। इससे डॉक्टर और मरीज दोनों ही प्रभावित होते हैं।
उन्होंने कहा कि इन परिस्थितियों से कैसे निपटा जाए या ऐसी परिस्थिति ही पैदा ही न हो, इसके लिए क्या तरीका अपनाया जाए, इस पर हम सभी को गंभीरता से विचार करना होगा। उपाध्यक्ष डॉ. इत्तेहाद आलम ने टीकाकरण पर विशेष ध्यान देने को कहा। कोषाध्यक्ष डॉ. कुमार वासु ने कहा कि झोलाछापों पर प्रशासन को कार्रवाई करनी चाहिए। ऐसे लोग ही चिकित्सा के सम्मानित पेशे को बदनाम कर रहे हैं।