Budaun News: निर्दलीय प्रत्याशी ने जिला जज के कोर्ट में दायर की याचिका
– कोर्ट ने सुनवाई के लिए 26 मई की तारीख की निर्धारित
संवाद न्यूज एजेंसी
वजीरगंज। निकाय चुनाव की निर्दलीय प्रत्याशी शकुंतला वार्ष्णेय ने सोमवार को जिला जज के यहां एक याचिका दायर की है, जिसमे उन्होंने अपने निरस्त हुए मतों की जांच की मांग की है। इस मामले में अदालत ने सुनवाई के लिए 26 मई की तारीख तय की है।
निकाय चुनाव में अध्यक्ष पद की निर्दलीय प्रत्याशी शकुंतला वार्ष्णेय को मतगणना में 2850 मत प्राप्त हुए थे, जबकि विजयी प्रत्याशी नूरसबा बेगम को 3088 मत मिले थे। शकुंतला वार्ष्णेय के 477 मत निरस्त हुए थे, जिनकी जांच को लेकर उन्होंने सोमवार को जिला जज के यहां याचिका दाखिल की है। उनका कहना है कि चुनाव में कुल 10 प्रत्याशी थे। मतपत्र में 11 वां कॉलम नोटा का था। मत पत्र में दोनों ओर कुल 12 कॉलम थे।
छठे स्थान पर शकुंतला वार्ष्णेय का नाम था तथा उनके सामने का कॉलम बिल्कुल खाली था। इसको लेकर उन्होंने एक मई को ही डीएम तथा चुनाव आयोग से लिखित शिकायत करते हुए खाली कॉलम को हटाने की मांग की थी। डीएम से मिलकर भी उन्हें अपनी समस्या से अवगत कराया था, जिस पर उन्हें कार्रवाई का आश्वासन भी दिया गया था। मगर जब वोट पड़े तो मतपत्र वैसा ही था, जिसमे उनके सामने वाले खाली कॉलम में उनके 477 समर्थकों ने उनके पक्ष में मतदान किया था। मतगणना में उन सभी 477 मतों को निरस्त कर दिया गया। शकुंतला वार्ष्णेय ने अपनी याचिका में अपनी चुनाव से पूर्व की गई शिकायतों का जिक्र करते हुए उन सभी 477 निरस्त वोटों की जांच की मांग की है।



