Budaun News: बाइक की टक्कर से मासूम की मौत, दादी घायल
सहसवान। क्षेत्र के गांव ज्वालापुर के पास दादी के साथ आ रहे सात वर्षीय बच्चे को बाइक सवार ने टक्कर मार दी। हादसे में बच्चे की मौत हो गई, जबकि उसकी दादी गंभीर रूप से घायल हो गई।
ज्वालापुर निवासी 70 वर्षीय चंद्रकली अपने सात वर्षीय नाती भूपेंद्र पुत्र पप्पू के साथ घेर से घर जा रही थीं। इसी दौरान सोमवार शाम करीब सात मुजरिया की ओर से आ रहे बाइक सवार ने दोनों को टक्कर मार दी। हादसे में वह दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को लेकर सीएचसी सहसवान ले जाया गया, जहां भूपेंद्र की मौत हो गई। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा है। संवाद
अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत
अलापुर। थाना क्षेत्र के गांव अभियासा के पास अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार की मौत हो गई। सोमवार को मूसाझाग थाना क्षेत्र के गांव बीबीपुर निवासी सुखवीर यादव बाइक से कहीं जा रहा था। इसी दौरान गांव अभियासा के पास अज्ञात वाहन ने उसको टक्कर मार दी। हादसे में उसकी मौत हो गई। संवाद
हादसे में घायल महिला की मौत
सहसवान। नगर के मोहल्ला नयागंज निवासी ज्ञान प्रकाश पुत्र रघुवीर सहाय ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी भाभी विद्यावती पत्नी ओमप्रकाश बदायूं से सहसवान की ओर आ रही थी। वह इको कार में सवार थीं, जिसमें कई सवारियां बैठी हुई थीं। कार चालक लापरवाही से कार चला रहा था। इस वजह से कार सहसवान के पास पलट गई। हादसे में उसकी भाभी गंभीर रूप से घायल हो गई। उसको अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई। संवाद