Pilibhit News: शराब पीने के लिए पड्डा बेचा तो पत्नी ने पीट-पीटकर मार डाला
पूरनपुर। पड्डा (भैंस का बच्चा) बेचकर शराब पीने से नाराज पत्नी ने डंडे से पीट-पीटकर पति की हत्या कर दी। मामले में मृतक रामकिशन के भाई चुनमुन ने भाभी सीमा देवी के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
हजारा थाना क्षेत्र के गांव जनता फार्म कबीरगंज में रहने वाले रामकिशन (46) की पत्नी सीमा देवी ने भैंस पाली थी। उसके पड्डे को तीन दिन पहले रामकिशन ने साढ़े नौ हजार में बेच दिया था। रामकिशन ने रुपये पत्नी को नहीं दिए। इसी बात को लेकर रामकिशन का पत्नी सीमा से रविवार शाम को विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर सीमा ने रामकिशन की डंडे से पिटाई कर दी। इससे रामकिशन घायल हो गया। कुछ घंटे बाद उसकी मौत हो गई। रामकिशन के भाई चुनमुन ने उसकी पत्नी सीमा के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी।
इंस्पेक्टर मनोज मिश्रा ने बताया कि जांच में पता चला है कि रामकिशन नशे का आदि था। पड्डे बेचकर मिली रकम से वह दो दिन से लगातार शराब पी रहा था। इसको लेकर पति-पत्नी में विवाद हो गया और सीमा ने पति की डंडे से पिटाई कर दी। रामकिशन के भाई चुनमुन की ओर से सीमा के खिलाफ गैरइरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। रामकिशन का शव पोस्टमार्टम को भेजा गया है।