Budaun News: दीवार गिरने से मलबे में दबकर मासूम की मौत

कुंवरगांव के लाही फरीदपुर गांव में इसी दीवार के मलबे में दबकर हुई मासूम की मौत। संवाद
कुंवरगांव (बदायूं)। थाना क्षेत्र के लाही फरीदपुर ग्राम पंचायत के मजरा इनायतगंज में पड़ोसी के मकान की दीवार गिरने से उसके मलबे में दबकर पांच माह की मासूम बच्ची की मौत हो गई। बच्ची घर में चारपाई पर अकेली सो रही थी। हादसे में परिवार के अन्य लोग बाल-बाल बच गए।
बुधवार रात करीब आठ बजे पड़ोसी के मकान की पक्की दीवार ढह गई। उसका पूरा मलबा मानसिंह के घर के बरामदे में आ गिरा। उस दौरान मान सिंह की पांच माह की बेटी देविका चारपाई पर सो रही थी। वो मलबे में दब गई। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बताते हैं कि मान सिंह के पड़ोस में उसके चचेरे भाई केवल का मकान है, जिसकी दीवार ढह गई। घटना के दौरान मानसिंह की पत्नी गायत्री बर्तन साफ कर रही थी। उसकी बड़ी बेटियां मंजू (11), श्रीदेवी (9), पायल (7) और जयदेवी (5) दूसरी चारपाई पर खेल रहीं थीं।
दीवार का मलबा वहां तक नहीं पहुंचा। इससे वह बाल-बाल बच गईं। उसके आंगन में लगा ईंटों का खंभा भी टूट गया, जिससे मकान का लिंटर भी क्षतिग्रस्त हो गया। सूचना मिलने पर बुधवार सुबह हल्का लेखपाल प्राची यादव ने मौके पर पहुंच कर उसकी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को दी। बाद में पहुंची पुलिस ने बच्ची के शव का पोस्टमार्टम करा दिया। इंस्पेक्टर सुरेश चंद्र गौतम ने बताया बारिश में अचानक दीवार गिरने से पांच माह की बच्ची की मौत हुई है।

कुंवरगांव के लाही फरीदपुर गांव में इसी दीवार के मलबे में दबकर हुई मासूम की मौत। संवाद