Budaun News: सिपाही से बोला दरोगा- चाहे कटान हो या खनन, मौके पर मत जाना
संवाद न्यूज एजेंसी, बदायूं
Updated Thu, 19 Oct 2023 12:02 AM IST
आसफपुर (बदायूं)। फैजगंज बेहटा इलाके में एक ऑडियो तेजी से वायरल हो रही है। बताया जा रहा है कि ऑडियो थाने में तैनात एक दरोगा और सिपाही के बीच बातचीत का है। इसमें दरोगा सिपाही से कहता सुनाई दे रहा है कि क्षेत्र में चाहे पेड़ कटें या अवैध खनन हो, मौके पर मत जाना। अगर रात में कूदकर पहुंचोगे तो ड्यूटी कटवा देगा।
फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र में अवैध खनन और पेड़ कटान का कार्य पुलिस की मिलीभगत से चल रहा है। इसकी पुष्टि बुधवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुई ऑडियो क्लिप से हो रही है। बताया जा रहा है कि ऑडियो क्लिप में एक दरोगा और सिपाही आपस में बात कर रहे हैं। ऑडियो में जो दरोगा बोल रहा है, वह फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र में हल्का नंबर तीन पर तैनात है जबकि सिपाही का बांदा ट्रांसफर हो चुका है। फिलहाल सिपाही पुलिस लाइन में है।
ऑडियो सिपाही और दरोगा के बीच बातचीत की है। बताया जा रहा है कि सिपाही ने उससे किसी संबंध में बात की थी। इसके बाद दरोगा सिपाही से कहता सुनाई दिया कि क्षेत्र में कोई काम हो तो जाना मत। सिपाही ने जब कई बार दरोगा से काम के बारे में पूछा तो दरोगा बोला- क्षेत्र में चाहे पेड़ कट रहा हो या मिट्टी पड़ रही हो तुम वहां जाना मत। मैं इसलिए कह रहा हूं कि तुम जरूर कूदकर पहुंच जाओगे। अब कोई आदमी बात करके गया है और वहां पुलिस पहुंच जाए तो अच्छा नहीं रहेगा। सीओ बिसौली सुनील कुमार ने बताया कि अभी उनके पास ऑडियो क्लिप नहीं आई है। आने पर इसकी जांच कराई जाएगी।


