Budaun News: बनकोटा के ग्राम प्रधान को बर्खास्त करने के निर्देश
बदायूूं। विकास भवन सभागार में पशुपालन विभाग के कार्यों की समीक्षा बैठक की हुई। इसमें डीएम ने बनकोटा में पशु चारे को अपने घर पर रखने व कार्य में लापरवाही के चलते प्रधान को बर्खास्त करने के निर्देश डीपीआरओ को दिए।
डीएम ने कहा कि मुख्यमंत्री की महत्वाकांक्षी योजनाओं में गो संरक्षण शामिल है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होने चाहिए, जो भी लापरवाही करेगा उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। इस दौरान उन्होंने बनकोटा के प्रधान को बर्खास्त करने के निर्देश दिए। कहा कि वर्षा ऋतु को ध्यान में रखते हुए जिले की सभी स्थायी व अस्थायी गो आश्रय स्थलों का निरीक्षण कराकर वहां सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कराएं। गोवंश का टीकाकरण समय से कराया जाए। साथ ही निरीक्षण के लिए नोडल अधिकारी नामित किया जाए।
वहीं आसफपुर बीडीओ के सांड़ के लिए शरण स्थल बनाए जाने के प्रस्ताव पर सहमति जताते हुए कार्य योजना मांगी। सीवीओ डॉ. निरंकार सिंह ने बताया कि जिले में पूर्व में प्राप्त 7.72 करोड़ के बजट की यूसी प्राप्त हो गई है। शासन से अभी हाल ही में 2.70 करोड़ रुपये का बजट प्राप्त हुआ है।