मोदी सरकार ने 35 करोड़ घरों में उपलब्ध कराए मुफ्त गैस कनेक्शन : अश्वनि

बीसलपुर के अग्रवाल सभा भवन में हुए व्यापारी सम्मेलन में बोलते मुख्य अतिथि अश्वनी त्यागी। संवाद
सरकार के नौ साल पूरे होने पर हुआ व्यापारी सम्मेलन
संवाद न्यूज एजेंसी
बीसलपुर। विधान परिषद सदस्य अश्वनि त्यागी ने कहा कि मोदी सरकार ने नौ वर्ष के कार्यकाल में देश के 35 करोड़ घरों में कुकिंग गैस के कनेक्शन मुफ्त उपलब्ध कराए हैं।
अश्वनि त्यागी ने बृहस्पतिवार देररात अग्रवाल सभा भवन में मोदी सरकार के नौ वर्ष का कार्यकाल पूरा होने के सिलसिले में आयोजित भाजपा व्यापारी सम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि कहा कि मोदी सरकार के कार्यकाल में बेहिसाब विकास हुआ है। देश की आम जनता यह महसूस भी कर रही है।
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार में प्रधानमंत्री आवास, शौचालय और किसान सम्मान निधि समेत कई कल्याणकारी योजनाएं संचालित हुईं हैं। ये योजनाएं अब भी चल रही हैं। इन योजनाओं से समाज के सभी वर्गों को बराबर का लाभ मिला है। मोदी सरकार ने किसी भी धर्म, जाति और बिरादरी के साथ पक्षपात नहीं किया है।
सम्मेलन में एमएलसी डॉ. सुधीर गुप्ता, बीसलपुर विधायक विवेक वर्मा, बरखेड़ा विधायक स्वामी प्रवक्तानंद, पूरनपुर विधायक बाबूराम पासवान, भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव प्रताप सिंह, प्रदेश के पूर्व मंत्री डॉ विनोद तिवारी, पूर्व मंत्री हेमराज वर्मा, और बरखेड़ा के पूर्व विधायक किशनलाल राजपूत आदि वक्ताओं ने विचार रखे। अध्यक्षता जिलाध्यक्ष और संचालन अमित अग्रवाल ने किया।
समारोह में विवेक वर्मा ने मुख्य अतिथि को स्मृति चिह्न देकर और शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया। भाजपा नेता प्रमोद गुप्ता ने मुख्य अतिथि को बताया कि जीएसटी को लेकर संबंधित अधिकारी व्यापारियों को अनावश्यक रूप से परेशान करते हैं। मुख्य अतिथि ने उच्चाधिकारियों से वार्ता कर समस्या का अतिशीघ्र समाधान कराने का आश्वासन दिया।

बीसलपुर के अग्रवाल सभा भवन में हुए व्यापारी सम्मेलन में बोलते मुख्य अतिथि अश्वनी त्यागी। संवाद