Budaun News: आज से चलेगा सघन कुष्ठ रोगी खोजी अभियान
टीमें घर-घर जाकर खोजेंगी कुष्ठ रोगियों को
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत जिले को कुष्ठ रोग से मुक्त करने के उद्देश्य से एक से 30 सितंबर तक पूरे माह सघन कुष्ठ रोगी खोजी अभियान चलाया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग की 1095 टीमें घर-घर जाकर संभावित कुष्ठ रोग के लक्षण वाले व्यक्तियों को चिह्नित करेंगी। संदिग्ध रोगी की स्वास्थ्य केंद्र पर जांच की जाएगी। कुष्ठ रोग की पुष्टि होने पर तत्काल उपचार शुरू किया जाएगा।
जिला कुष्ठ परामर्शदाता डॉ. सुधीर कुमार गुप्ता ने बताया कि कुष्ठ छुआछूत का रोग नहीं है। यह एक जीवाणु माइकोबैक्टेरियम लैपरेई से होता है। कुष्ठ रोग में सुन्न दाग धब्बे मिलते हैं, जिनमें खुजली नहीं होती। प्रभावित स्थान पर पसीना नहीं आता और दाग के ऊपर के बाल गिर जाते हैं।
समय पर इलाज न मिलने से व्यक्ति विकलांग हो जाता है। उन्होंने बताया कि यह अभियान ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में चलेगा, जहां पिछले तीन सालों में कुष्ठ के रोगी पाए गए हैं। टीमें घर-घर जाकर सर्वे करेंगी तथा कुष्ठ रोगियों को खोजेंगी। इसका प्रशिक्षण टीमों को दिया जा चुका है।