Budaun News: कांवड़ियों को गंगा घाट पर ही मिलेंगी चिकित्सा सुविधाएं
कछला में आरती स्थल के पास का भवन चयनित
आठ-आठ घंटे की शिफ्ट में ड्यूटी करेंगे डॉक्टर
संवाद न्यूज एजेंसी
उझानी (बदायूं)। कछला में कांवड़ियों को किसी तरह की स्वास्थ्य संबंधी दिक्कत होने पर उन्हें गंगा घाट पर ही चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके लिए घाट पर अस्थायी अस्पताल बनेगा। डॉक्टरों समेत स्वास्थ्य कर्मी आठ-आठ घंटे की शिफ्ट में ड्यूटी करेंगे।
गंगा घाट पर अस्थायी अस्पताल के लिए आरती स्थल के पास भवन को चिह्नित किया गया है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ. राजकुमार गंगवार ने बताया कि अस्थायी अस्पताल की व्यवस्था कांवड़ियों को स्वास्थ्य सुविधा मुहैया कराने की नीयत से की गई है। अस्पताल में प्राथमिक स्तर की सभी सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। जीवन रक्षक दवाओं के अलावा मौके पर एक एंबुलेंस की भी व्यवस्था की गई है। ताकि जरूरत पड़ने पर कांवड़ियों को इलाज को जिला अस्पताल तक पहुंचा दिया जाए।
अस्पताल में डॉक्टर समेत स्वास्थ्य कर्मियों को आठ-आठ घंटे की शिफ्ट में ड्यूटी पर लगाया जाएगा। प्रत्येक शिफ्ट में एक डॉक्टर और तीन स्वास्थ्य कर्मचारी मौजूद रहेंगे। पहली शिफ्ट सुबह आठ से दोपहर दो बजे तक, दूसरी दो से रात आठ तो तीसरी सुबह आठ बजे से होगी। –
उझानी और कछला के अस्पताल के डॉक्टर रहेंगे सतर्क
– सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक गंगवार ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान कछला से उझानी के बीच किसी भी शिवभक्त को स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होती है, तो उसे नजदीक के कछला प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र या फिर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उझानी पर लाकर उपचार किया जाएगा। इसके लिए आपातकालीन ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर को हमेशा सतर्क रहने के लिए कहा गया है।