Budaun News: कासगंज के भक्तों ने किया गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन
संवाद न्यूज एजेंसी, बदायूं
Updated Fri, 29 Sep 2023 01:59 AM IST

कछला घाट पर विसर्जन को गणेश प्रतिमा ले जाते भक्त। संवाद
उझानी/कछला (बदायूं)। गंगाघाट पर गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन का सिलसिला बरकरार है। बृहस्पतिवार को कासगंज जिले के भक्तों ने गंगाघाट पर आकर प्रतिमा विसर्जन से पहले गुलाल से होली खेली। मंत्रोच्चार के साथ प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया।
गणेश भक्तों की पांच-छह टोलियां पूर्वाह्न गंगाघाट पर पहुंचीं। विसर्जन के लिए गंगा किनारे गड्ढे खोदे जाने से पहले भक्तों ने पुरोहितों से भगवान गणेश का पूजन कराया। भक्तों ने गुलाल से गणेश प्रतिमाओं को सराबोर किया अैर फिर आपस में होली खेली। गणपति बप्पा मोरया… के जयकारों के बीच प्रतिमा विसर्जन शुरू हुआ तो भक्त थिरक उठे।
कासगंज के सहावर निवासी भक्तों में जितेंद्र, विष्णु कुमार, संतोष, रजत बाबू आदि ने प्रसाद भी वितरित किया। भक्तों ने बताया कि सहावर के वार्ष्णेय मंदिर में गणेश उत्सव मनाया गया था। सोरों के भक्तों ने भी प्रतिमा विसर्जन किया। बदायूं जिले के अधिक भक्त पहले ही गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन कर चुके हैं।



