Budaun News: ड्रम में निकला पानी मिला डीजल, मारपीट का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी, बदायूं
Updated Fri, 29 Sep 2023 01:58 AM IST
उझानी। पिछले दिनों ई-रिक्शा छीनने को लेकर चालक और दुकानदार के बीच विवाद में बृहस्पतिवार को नया मोड़ आया गया। दुकानदार के भाई ने ई-रिक्शा से उतारे गए ड्रम में रखा पानी मिला डीजल बेच जाने पर ठगी का आरोप लगाया है। आरोपी ने दुकानदार के भाई से मारपीट भी की।
चार दिन पहले कासगंज के मानपुर नगरिया निवासी मो. फैज ने तहरीर देकर बताया था कि किसी ने उसका ई-रिक्शा बुक किया। वह हुसैनपुर खेड़ा में दुकानदार साहब सिंह के पास ड्रम लेकर पहुंचा, भाड़ा मांगने पर ई-रिक्शा छीन लिया। आरोपी के भाई राजकुमार ने जन सुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई कि ई-रिक्शा के साथ बाइक सवार व्यक्ति ने उससे ड्रम में रखे डीजल का सौदा यह कहते हुए किया था कि जेसीबी खराब होने से उसे डीजल सस्ते में बेचना पड़ रहा है।
राजकुमार ने बताया कि डीजल का सौदा 1600 रुपये में हो गया। उसने केन में डीजल निकाला तो उसमें पानी मिश्रित डीजल निकला। पीछा किया तो उसने रेलवे फाटक के पास मारपीट की। पुलिस ने ई-रिक्शा चौकी मंगाकर चालक मो. फैज को सौंप दिया है। कछला चौकी इंचार्ज दिनेश कुमार तिवारी ने बताया कि तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। संवाद



