Budaun News: कछला में धोखे से लाए गए थे कासगंज के ग्रामीण
संवाद न्यूज एजेंसी, बदायूं
Updated Mon, 23 Oct 2023 12:28 AM IST
बदायूं/उझानी। कोतवाली क्षेत्र के कछला इलाके में हुई कासगंज के हीरालाल और इंद्रपाल की हत्या के मामले में आला कत्ल बरामद होने के बावजूद पुलिस अब तक किसी नतीजे पर नहीं पहुंंची है। अनुमान है कि दोनों को बहाने से कछला इलाके में लाया गया था। वह बाइक से आए या उन्हें कार में बैठाकर लाया गया था, अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है। कोतवाली पुलिस और एसओजी टीम ने सीसीटीवी कैमरे खंगालने शुरू कर दिए हैं।
विगत 19 अक्तूबर को कासगंज के हीरालाल और इंद्रपाल की उझानी कोतवाली क्षेत्र के कछला इलाके में फूलपुर-प्रमिला नगर रोड पर सरियों से पीटकर हत्या कर दी गई थी जब तक उनके परिवार वाले उझानी पहुंचे थे, तब तक पुलिस ने दोनों शव मोर्चरी में रखवा दिए थे। शवों को देखकर परिवार वाले हत्या का आरोप लगा रहे थे लेकिन पुलिस यह मानने को तैयार नहीं थी। हीरालाल के परिवार वालों ने पोस्टमार्टम के बाद तहरीर देने के लिए कहा था लेकिन इंद्रपाल के परिवार वालों का आरोप था कि कोतवाली पुलिस ने दुर्घटना का मामला बनाने के लिए एक कागज पर हस्ताक्षर करा लिए थे। उन्हें आश्वासन भी दिया था कि अगर सुबूत मिलेंगे तो हत्या में कार्रवाई होगी लेकिन परिवार वाले तब हैरान रह गए जब कोतवाली पुलिस ने दुर्घटना में एफआईआर दर्ज की।
हीरालाल से जुड़ा हो सकता है दोहरा हत्याकांड : भले ही इस मामले में हत्यारोपियों के चेहरे सामने नहीं आए हैं लेकिन यह जरूर बताया जा रहा है कि हीरालाल का कुछ लोगों से जमीन को लेकर विवाद था। उन्होंने हीरालाल के भतीजे की जमीन धोखा देकर अपने नाम करा ली थी। परिवार में हीरालाल ही सबसे ज्यादा तेज थे। इससे उनकी ही हत्या कर दी गई।