Budaun News: सेटाखेड़ा में कच्चा मकान गिरा, बाल-बाल बचा परिवार

सेटाखेड़ा में गिरा कच्चा मकान। संवाद
– शुक्रवार रात हुआ हादसा, लंबे समय से रह रहा था गरीब परिवार
संवाद न्यूज एजेंसी
दबतोरी (बदायूं)। आसफपुर ब्लॉक क्षेत्र के गांव सेटाखेड़ा में शुक्रवार रात एक गरीब महिला का कच्चा मकान भरभराकर गिर गया। गनीमत यह रही कि परिजन बाल-बाल बच गए। ग्रामीणों ने राजस्व विभाग को सूचना देदी है।
ग्राम सेटाखेड़ा निवासी महेंद्री पत्नी बीरवल बेहद गरीब हैं। वह पिछले कई साल से अपना कच्चा मकान बनाकर रह रहे थे। उनके दो बेटे और तीन बेटियां हैं। तीनों बेटियों की शादी हो चुकी हैं। बड़ा बेटा छत्रपाल काफी समय से बाहर रहता है। महिला के साथ में दिव्यांग बेटा सोमपाल रहता है। महिला गांव में लोगों के घरों में मजदूरी करके अपना और अपने बेटे का पेट पालती है।
शुक्रवार रात महेंद्री और उसका बेटा सोमपाल मकान में सो रहे थे। रात करीब दो बजे अचानक उनका मकान भरभराकर गिर गया। गनीमत यह रही कि मकान का मलबा उनके ऊपर नहीं गिरा, जिससे वे बाल-बाल बच गए। मकान गिरने की आवाज सुनकर रात में ही मोहल्ले के तमाम लोग आ गए। उन्होंने किसी तरह मां-बेटे को बाहर निकाला।
महिला का कहना है कि उसको प्रधानमंत्री आवास भी नहीं दिया गया है जबकि वह कई बार आवास की मांग कर चुकी है।