Budaun News: स्टेटिक मजिस्ट्रेट की निगरानी में शुरू हुईं मदरसा बोर्ड की परीक्षाएं

मदरसा की परीक्षा के दौरान चेकिंग करने पहुंचे सचल दल। संवाद
– पहली पाली में सेकेंडरी और दूसरी पाली में फाजिल की हुईं परीक्षाएं
– दोनों पालियों में 435 परीक्षार्थी रहे गैरहाजिर
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। मदरसा बोर्ड की परीक्षाएं बुधवार को जिले के सात केंद्रों पर शुरू हो गईं। पहली पाली में सेकेंडरी और दूसरी पाली में फाजिल की परीक्षाएं हुईं। परीक्षा स्टेटिक मजिस्ट्रेटों की निगरानी में कराई जा रही हैं। दोनों पालियों में 435 परीक्षार्थी गैरहाजिर रहे।
मदरसा शिक्षा परिषद की सेकेंडरी, सीनियर सेकेंडरी, कामिल एवं फाजिल की परीक्षा बुधवार से शुरू हो गईं। सुबह केंद्रों पर गहन तलाशी के बाद में परीक्षार्थियों को कक्षों में जाने की अनुमति दी गई। पहली पाली में मदरसा वीर अब्दुल हमीद हायर सेकेंड्री स्कूल शहबाजपुर, इस्लामनगर का मदरसा फातिमा गर्ल्स कॉलेज, बिसौली का मदरसा अल हसन कॉलेज गदरपुरा व मदरसा जामिया ताहिरा भूड़, बदायूं का मदरसा शमसुल उलूम घंटाघर, ककराला का मदरसा हिरा इस्लामियां गर्ल्स कॉलेज, मदरसा तैयबा इस्लामियां में परीक्षाएं हुईं। इसमें सात सेंटरों पर 1614 में से 1232 परीक्षार्थियों ने परीक्षा शामिल हुए, जबकि 382 गैरहाजिर रहे।
दूसरी पाली में चार सेंटरों पर परीक्षा हुई। इसमें 743 परीक्षार्थियों में से 690 ने परीक्षा दी। 53 गैरहाजिर रहे। मदरसा बोर्ड पटल सहायक मोअज्जम ने बताया कि सभी केंद्रों पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट को तैनात किया गया है। इसके अलावा सचल दल लगातार सक्रिय रहे।



