Budaun News: महामंडलेश्वर किरन बाबा ने रखी आवासीय बालिका स्कूल की नींव

उझानी में प्रस्तावित विद्यालय का पूजन करते महामंडलेश्वर किरन बाबा। संवाद
– किन्नर अखाड़ा गोरखपुर के महामंडलेश्वर हैं किरन बाबा
संवाद न्यूज एजेंसी
उझानी (बदायूं)। किन्नर अखाड़े के महामंडलेश्वर किरन बाबा ने मंगलवार को आवासीय बालिका विद्यालय की आधारशिला रखी। इससे पहले हवन-पूजन, फिर सुंदरकांड का पाठ हुआ।
आवासीय बालिका विद्यालय का निर्माण राष्ट्र सेविका समिति की प्रांत प्रमुख अंजू चौहान की देखरेख में होगा। इसके लिए उन्होंने गोशाला रोड पर रेलवे लाइन के पास भूमि चयनित की है। आधारशिला रखे जाने से पहले किन्नर अखाड़े के महामंडलेश्वर किरन बाबा ने नींव में एक ईंट स्थापित की।
उन्होंने अपने संबोधन में बालिका शिक्षा पर जोर दिया। कहा कि बालिकाओं को मजबूत और आत्मनिर्भर बनाने के लिए उन्हें सबसे पहले शिक्षित किया जाए। शिक्षा के बिना तरक्की की कल्पना नहीं की जा सकती। महामंडलेश्वर ने धर्म की रक्षा के लिए भी लोगों को सजग रहने की सलाह दी।
हवन-पूजन और सुंदरकांड के पाठ के बाद प्रस्तावित परिसर में ही लोगों ने भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया। इस मौके पर बदायूं की पूर्व पालिकाध्यक्ष दीपमाला गोयल, रतन जिंदल, डॉ. जितेंद्र सोलंकी, डॉ. ब्रजेंद्र वार्ष्णेय, शिवकिशोर माहेश्वरी, कमलेश वार्ष्णेय, सत्यवीर सिंह अंबेश अनुग्रह सिंह और प्रदीप शर्मा आदि मौजूद थे।