Budaun News: दुकानें टूटने की आशंका में बाजार बंद

सहसवान में अतिक्रमण हटाओ अभियान को लेकर व्यापारियों ने किया बाजार बंद। संवाद
लोनिवि ने दी है अतिक्रमण हटाने की चेतावनी, लोनिवि मंत्री से मिलने पहुंचे पालिकाध्यक्ष
संवाद न्यूज एजेंसी
सहसवान। पीडब्ल्यूडी द्वारा नगर के मुख्य बाजार में स्थायी और अस्थायी अतिक्रमण हटाने के दौरान दुकानें टूटने की आशंका के चलते मंगलवार को व्यापारियों ने अनिश्चितकाल के लिए बाजार बंद कर दिया। इस संबंध में कुछ लोग पालिकाध्यक्ष के साथ पीडब्ल्यूडी मंत्री से मिलने लखनऊ भी पहुंचे।
पीडब्ल्यूडी की ओर से 28 सितंबर को बाजार में चस्पा कराए गए नोटिस में पांच दिन बाद अतिक्रमण हटाए जाने की चेतावनी दी गई थी। सैकड़ों दुकानों का काफी भाग इसकी जद में आने से व्यापारियों में खलबली मच गई और उन्हें अपनी रोजी-रोटी की चिंता सताने लगी।
बदायूं-मेरठ हाईवे से नाधा, इस्लामनगर और बिसौली को जाने वाला मार्ग नगर के मुख्य बाजार से होकर गुजरता है। करीब एक साल पूर्व तहसील प्रशासन और पीडब्ल्यूडी की संयुक्त टीम ने मुख्य बाजार से स्थायी और अस्थायी अतिक्रमण हटाए जाने के लिए सड़क के दोनों ओर चिह्नांकन भी किया गया था।
मंगलवार को व्यापारी नेता संजीव अग्रवाल के नेतृत्व में हुई व्यापारियों की बैठक में निर्णय किया गया कि दुकानों के टूटने से सैकड़ों दुकानदारों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो जाएगा। उनका कहना था कि जब नगर पालिका वित्तविहीन थी, तब उसने रखरखाव के लिए पीडब्ल्यूडी को यह सड़क दी थी। आज भी दुकानों से नगर पालिका किराया वसूलती हैं।
पीडब्ल्यूडी को यह सड़क नगरपालिका को सौंपकर बाइपास मार्ग निकालना चाहिए। व्यापारियों ने संभावित कार्रवाई के विरोध में संजीव अग्रवाल के नेतृत्व में बाजार बंद करा दिया। दूसरी तरफ, पालिकाध्यक्ष मीर हादी अली उर्फ बाबर मियां, भाजपा नगराध्यक्ष सौरभ माहेश्वरी, सचिन शर्मा, वरिष्ठ व्यापारी राहुल माहेश्वरी, मोहित माहेश्वरी, पीडब्ल्यूडी राज्यमंत्री से मुलाकात के लिए लखनऊ पहुंच गए। पालिकाध्यक्ष ने बताया कि विभागीय मंत्री से मुलाकात कर व्यापारियों की समस्या से अवगत कराया जाएगा।