Budaun News: गुरुद्वारे की जमीन पर कब्जे के विरोध में दिया ज्ञापन
कहा- कुछ लोग कब्जा करके करवाना चाहते हैं प्लॉटिंग
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। गुरुद्वारा श्री गुरुसिंह सभा की जमीन पर कुछ लोगों के कब्जा करने के विरोध में सभा के पदाधिकारियों ने राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष इकबाल सिंह को ज्ञापन सौंपा और कार्रवाई कराने की मांग की।
रविवार को आयोग के अध्यक्ष को सौंपे गए ज्ञापन में सिख समाज के लोगों ने कहा कि शहर के मोहल्ला शहवाजपुर में वर्षों पुराने गुरुद्वारा श्री गुरुनानक सिंह सभा की संपत्ति है। इस पर काफी समय से असामाजिक तत्वों की नजर है और वे कई बार रात में उस पर जेसीबी चलवा चुके हैं।
हाल ही में एक पुरानी कोठरी को रातोंरात जेसीबी से गिरवा दिया गया और उसका मलबा भी उठवाकर ले गए। ज्ञापन में कहा गया है कि असामाजिक तत्व कब्जा कर प्लॉटिंग कराना चाहते हैं, अत: इन पर शीघ्र कार्रवाई की जानी चाहिए।
यह भी कहा गया है कि सिख समाज के बुजर्गाें द्वारा दान देने वालों के वारिसानों से संपत्ति के मूल दस्तावेजों में हेराफेरी कर अपने नाम तहसील के कागजों में दर्ज करा लिए हैं, जिसके आधार पर भूमाफिया से जमीन का सौदा किया जा रहा है। ज्ञापन में इसपर रोक लगवाकर असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई की मांग की गई है।
ज्ञापन देने वालों में सभा के अध्यक्ष सरदार भगत सिंह, संरक्षक वीरेंद्र धींगड़ा, सरदार हरभजन सिंह, जितेंद्र पाल सिंह, सुरेंद्र सिंह धींगड़ा, सरदार सतनाम सिंह, शशांक चावला, हरीश जुनेजा आदि मौजूद रहे।