Budaun News: बिजली चेक करने आई टीम से अभद्रता, कर्मचारी को सीढ़ी से गिराया
संवाद न्यूज एजेंसी, बदायूं
Updated Thu, 15 Jun 2023 02:01 AM IST
बिल्सी। नगर के आठ नंबर मोहल्ले में बिजली चेक करने आई टीम से एक परिवार ने अभद्रता कर दी। एक कर्मचारी को सीढ़ी से गिरा दिया, जिससे वह घायल हो गया। जेई ने आरोपियों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है।
विद्युत उपकेंद्र पर तैनात टीजी-2 कर्मचारी मुनीश कुमार के मुताबिक वह बुधवार दोपहर टीम के साथ नगर के मोहल्ला संख्या आठ साहबगंज में बकाया वसूली करने गए थे। एक घर में बिजली चेक करने के लिए कर्मचारी गनेश चौधरी सीढ़ी लगाकर उसकी छत पर चढ़ रहे थे। तभी उस घर के तीन भाई आ गए और अपनी छत पर चढ़ गए। उन्होंने टीम के साथ अभद्रता कर दी और कर्मचारी को सीढ़ी समेत नीचे गिरा दिया, जिससे उसके काफी चोटें आईं। उन्होंने टीम के साथ गालीगलौज भी। उन्होंने अवर अभियंता दिनेश कुमार सिंह और अन्य अधिकारियों को इसकी जानकारी दी। उन्होंने तीनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। इंस्पेक्टर एके सिंह ने बताया कि घटना की पुलिस जांच कर रही है। जो भी आरोपी पाया जाएगा। उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। संवाद