Budaun News: रुदायन में खुराफातियों ने अब ईदगाह का गुंबद तोड़ा

कस्बा रुदायन में क्षतिग्रस्त ईदगाह का गुंबद। संवाद
रुदायन/इस्लामनगर। रुदायन कस्बे में खुराफातियों ने ईदगाह का गुंबद तोड़कर माहौल खराब करने की कोशिश की। लोगों ने समझदारी का परिचय देकर स्थिति बिगड़ने से बचा ली। हिंदू और मुस्लिम दोनों ही समुदायों के लोगों ने मिलकर ईदगाह की मरम्मत कराई। दिवाली पर खुराफातियों ने एक मंदिर में भी तोड़फोड़ की थी। लगातार हो रहीं इस तरह की घटनाओं से लोगों में रोष है।
रुदायन कस्बे में आबादी से कुछ दूरी पर ईदगाह है। रात के समय उसके आसपास का इलाका सुनसान हो जाता है। इसका फायदा उठाकर खुराफाती तत्वों ने ईदगाह की दीवार पर लगे छोटे-छोटे गुंबद तोड़ दिए। एक ताख भी तोड़ दिया। शनिवार सुबह कुछ लोग ईदगाह की ओर गए तो उन्होंने गुंबद टूटे देखे। खबर कस्बे में पहुंची तो लोग आक्रोशित हो गए। मौके पर भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलने पर बिल्सी के सीओ चंद्रपाल सिंह इस्लामनगर के इंस्पेक्टर हरेंद्र सिंह के साथ पुलिस बल लेकर पहुंच गए। उन्होंने मामले की छानबीन करते हुए कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस दौरान दोनों समुदायोंं के लोगों ने खुराफाती तत्वों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इसके साथ ही दोनों समुदाय के लोगों ने सीमेंट-बजरफुट लाकर ईदगाह की मरम्मत करा दी।
लोगों ने बताया कि दिवाली की रात कस्बे से पांच किलो मीटर दूर भुसाया गांव के मंदिर में खुराफाती तत्वों ने तोड़फोड़ की थी। कई प्रतिमाओं को क्षतिग्रस्त कर दिया था। दानपात्र भी चोरी कर ले गए थे। कुछ खुराफाती इलाके में माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। इंस्पेक्टर हरेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है।

कस्बा रुदायन में क्षतिग्रस्त ईदगाह का गुंबद। संवाद