Budaun News: आढ़त से गुल्लक लूट ले गए बदमाश

बिल्सी गल्ला मंडी में जांच करते सीओ चंद्रपाल सिंह एवं थाना प्रभारी बीके सिंह। संवाद
बिल्सी के बिसौली-कासगंज बाइपास मार्ग गल्ला मंडी में हुई घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
बिल्सी। बिसौली-कासगंज बाइपास मार्ग पर स्थित गल्ला मंडी में सोमवार दोपहर में बाइक सवार बदमाशों ने एक व्यापारी की आढ़त से गुल्लक लूट ली और मुजरिया मार्ग की ओर भाग गए। गुल्लक में 42 हजार रुपये थे। कुछ लोगों ने पीछा भी किया पर बदमाश उनके हाथ नहीं लगे। सूचना पर सीओ चंद्रपाल सिंह और थाना प्रभारी भी मौके पर पहुंचे और जानकारी जुटाई।
मोहल्ला संख्या एक निवासी ओमप्रकाश की बाइपास मार्ग स्थित गल्ला मंडी में आढ़त है। गुल्लक में करीब 42 हजार रुपये रखने के बाद वह काम में लग गए। करीब 12 बजे मंडी में एक बाइक से दो युवक आए। जिसमें एक युवक बाइक के पास खड़ा रहा। दूसरे युवक ने गुल्लक उठा ली। इसके बाद दोनों युवक भाग गए।
ओमप्रकाश ने युवकों को गुल्लक लेकर भागते देखा तो शोर मचा दिया। कुछ लोगों ने बदमाशों का पीछा भी किया पर वह हाथ नहीं लगे। जैसे ही घटना के बारे मंडी के अन्य व्यापारियों को सूचना मिली तो वे एकत्र हो गए। इसके बाद घटना की सूचना थाना पुलिस को दी गई। जिसके बाद सीओ चंद्रपाल सिंह और थाना प्रभारी ब्रजेश कुमार सिंह पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पूछताछ की। गल्ला मंडी में दिनदहाड़े हुए लूट की घटना से व्यापारियों में दहशत है। सीओ ने बताया कि जांच की जा रही है।
पहले भी हो चुकी हैं व्यापारियों से लूट की घटनाएं
नगर में व्यापारी से लूट की घटना पहली नहीं है। 14 अगस्त की शाम को नगर के मोहल्ला संख्या छह नवासी गल्ला व्यापारी आदर्श पालीवाल से अटल चौक के पास बैग लूटने की कोशिश की गई थी। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद भी हुई। बावजूद इसके थाना पुलिस किसी भी बदमाश को पकड़ नहीं सकी। छह सितंबर की दोपहर नगर के मुख्य बाजार में हार विक्रेता पुनीत की दुकान से तीन बाइक सवार बदमाश करीब 22 हजार रुपये का हार लेकर भाग गए थे। इस मामले में भी पुलिस किसी को गिरफ्तार नहीं कर सकी।