Budaun News: मोबाइल से खुलेगा गला छात्र की हत्या का राज
बदायूं। बिल्सी क्षेत्र के गांव अहमदगंज में गला घोंटकर की गई छात्र की हत्या का राज उसके ही मोबाइल से खुलेगा। पुलिस का अनुमान है कि शायद उसे कॉल करके खेत पर बुलाया गया था और वहीं उसकी हत्या कर दी गई। फिलहाल थाना पुलिस ने उसके शव का पोस्टमार्टम करा दिया है। अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है।
ग्राम अहमदगंज निवासी कक्षा आठ का छात्र विकास यादव (16) सोमवार शाम करीब चार बजे से लापता था। उसके पिता सुरेश का कहना है कि अपरान्ह करीब तीन बजे विकास ने मशीन से चारा कटवाया था। काफी देर तक विकास घर नहीं लौटा तो परिजनों को उसकी चिंता हुई। उन्होंने किशोर की तलाश शुरू कर दी। वह मंगलवार दोपहर तक परिवार के सभी लोगों के साथ उसे तलाश कर रहे थे। इसी दौरान उनके ही बाजरे के खेत में विकास का शव पड़ा मिला। उसके गले में अंगोछा कसा हुआ था। इस संबंध में पिता ने अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।
बुधवार सुबह पुलिस ने उसके शव का पोस्टमार्टम भी करा दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटने से मौत होने की पुष्टि हुई है। परिवार वालों ने देर शाम उसका अंतिम संस्कार कर दिया। परिवार वालों ने किसी से रंजिश होने से इन्कार किया है। पुलिस को उसके मोबाइल से हत्या का सुराग मिलने की उम्मीद है। इससे पुलिस मोबाइल की कॉल डिटेल की छानबीन में जुट गई है। इंस्पेक्टर ब्रजेश कुमार सिंह ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। इसमें जो तथ्य सामने आएंगें। उसके अनुसार कार्रवाई होगी।