Budaun News: खाना बना रही थी मां, फंदे से लटक गया बेटा
सामने नहीं आई आत्महत्या की वजह, पुलिस ने कराया पोस्टमार्टम
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। बिसौली कोतवाली क्षेत्र के गांव फीरोजपुर में 24 वर्षीय वीरेश ने कमरे में फंदे से लटककर जान दे दी। जिस दौरान उसने जान दी मां खाना बना रही थी। मां खाना खाने के लिए उसे बुलाने गई तो बेटे का शव देखकर उसके होश उड़ गए। वीरेश ने आत्महत्या क्यों की, अभी इसका पता नहीं चला है।
ग्राम फीरोजपुर निवासी वीरेश पुत्र श्योराज दो भाइयों में बड़ा था। ग्रामीणों के मुताबिक वह मजदूरी करके अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहा था। उसके पिता की कुछ समय पहले मौत हो चुकी है। वीरेश की अभी शादी नहीं हुई थी। घर में केवल वह मां उर्मिला और छोटे भाई ब्रजेश के साथ रह रहा था।
शनिवार रात करीब आठ बजे उसकी मां उर्मिला खाना बना रही थी। उस दौरान वीरेश घर के आंगन में बैठा था। मां ने उससे कहा था कि वह हाथ-मुंह धो ले, खाना लगा देती है। वीरेश बोला कि उसे गर्मी लग रही है। वह कमरे में पंखे के नीचे बैठेगा और उठकर चला गया। कुछ देर बाद जब मां खाना बनाकर फुर्सत में हुई तो उसने वीरेश को खाना खाने के लिए बुलाया। जब कमरे से कोई आवाज नहीं आई तो वह उसे बुलाने कमरे में पहुंची। वहां पंखे से वीरेश का शव लटका देखकर उसकी चीख निकल गई।
घर से रोने-बिलखने की आवाज सुनकर मोहल्ले के तमाम लोग आ गए। सूचना पर कोतवाली पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने युवक का शव फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम करा दिया है लेकिन उसकी आत्महत्या की वजह स्पष्ट नहीं हुई।