Budaun News: मुजरिया पुलिस ने पूजा के पति को जेल भेजा, सास-ससुर की तलाश

थाना मुजरिया में पुलिस की गिरफ्त में अरोपी। संवाद
बदायूं। पोस्टमार्टम हाउस पर जिस पूजा के शव की आंखें निकाल ली गईं। बृहस्पतिवार को मुजरिया थाना पुलिस ने उसके पति जोगेंद्र को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। अभी उसके सास-ससुर नहीं पकड़े गए हैं। थाना पुलिस ने उनकी तलाश शुरू कर दी है।
अलापुर थाना क्षेत्र के ग्राम कुतरई निवासी गंगाचरण ने मुजरिया थाना क्षेत्र के गांव रसूला निवासी जोगेंद्र, उसके पिता प्रकाश और मां संतोषा के खिलाफ दहेज हत्या के आरोप में एफआईआर दर्ज कराई है। गंंगाचरण का कहना है कि उन्होंने 26 फरवरी 2023 को बेटी पूजा की शादी जोगेंद्र के साथ की थी।
उन्होंने शादी में काफी दहेज दिया लेकिन इससे ससुराल वाले खुश नहीं थे। वह लगातार महंगा मोबाइल और दो लाख रुपये की मांग को लेकर पूजा का उत्पीड़न कर रहे थे। उसके साथ मारपीट भी करते थे। 10 दिसंबर को उन्होंने पूजा को फंदे से लटकाकर मार दिया।
एफआईआर दर्ज करने के बाद थाना पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। इसमें पुलिस ने बृहस्पतिवार को आरोपी पति जोगेंद्र को गिरफ्तार कर लिया। उसे दोपहर बाद पुलिस ने जेल भेज दिया। अभी जोगेंद्र के पिता और मां नहीं पकड़े गए हैं। थाना पुलिस उन्हें तलाश कर रही है।