Budaun News: बिजली किल्लत से गुस्साए नझियाई के उपभोक्ताओं ने उपकेंद्र घेरा

उझानी में बिजली उपकेंद्र पर प्रदर्शन करते नझियाई मोहल्ले के उपभोक्ता। स्रोत- उपभोक्ता
भाजपा नगर महामंत्री के नेतृत्व में जुटे मोहल्ले के लोग
बिजली अफसरों पर अनसुनी करने का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
उझानी (बदायूं)। नझियाई मोहल्ले में बिजली कटौती से परेशान उपभोक्ताओं का बृहस्पतिवार दोपहर गुस्सा सड़क पर आ गया। भाजपा के नगर महामंत्री अमित शर्मा के नेतृत्व में मोहल्ले के उपभोक्ता उपकेंद्र पर पहुंचे और नारेबाजी शुरू कर दी। उन्होंने उपकेंद्र का घेराव कर एसडीओ को ज्ञापन भी दिया।
बिजली उपकेंद्र पर पहुंचे उपभोक्ताओं ने घेराव करने से पहले दिक्कत बयां की। कहा कि करीब एक महीने से बिजली की सप्लाई शेड्यूल के अनुरूप नसीब नहीं हो पा रही है। स्थानीय कर्मचारियों से कटौती और ट्रिपिंग को लेकर शिकायत की जाती है, तो कोई भी सकारात्मक जवाब नहीं देता। भीषण गर्मी की वजह से सामान्य कामकाज भी प्रभावित होता है।
करीब एक घंटे तक उपकेंद्र पर डटे रहे उपभोक्ताओं के साथ भाजपा के नगर महामंत्री अमित शर्मा ने एसडीओ को भी समस्या से अवगत कराया। एसडीओ को ज्ञापन देकर बिजली व्यवस्था दुरुस्त कराने पर जोर दिया। एसडीओ ने उपभोक्ताओं को व्यवस्था ठीक करा देने का भरोसा दिलाया। प्रदर्शनकारियों में संजीव शर्मा, वैभव गुप्ता, गुलशन गुप्ता, मोहित कुमार, इंद्रपाल शर्मा, रवि, राजेश शर्मा और दिनेश कुमार शामिल थे।