Budaun News: नीलकंठ बनाम जामा मस्जिद मामले की सुनवाई अब 19 को
बदायूं। नीलकंठ महादेव बनाम जामा मस्जिद के मुकदमे की सुनवाई अब फास्ट ट्रैक कोर्ट में होगी। अभी तक सुनवाई सिविल जज सीनियर डिवीजन की अदालत में चल रही थी। अब यह फाइल ट्रांसफर होकर फास्ट ट्रैक कोर्ट में आ गई है। अगली सुनवाई के लिए 19 दिसंबर की तिथि निर्धारित की गई है।
बृहस्पतिवार को नीलकंठ महादेव बनाम जामा मस्जिद के मुकदमे की सुनवाई हुई। पक्षकार निर्धारित समय पर न्यायालय पहुंचे। इस दौरान पक्षकारों ने अपनी बात रखी। अब तक मुकदमे में अखिल भारतीय हिंदू महासभा की ओर से कई पुस्तकों और साक्ष्यों को दाखिल किया जा चुका है। इंतजामिया कमेटी की ओर से भी पुस्तकों और अभिलेखों को दाखिल किया गया है।
हिंदू महासभा के वकील वेदप्रकाश साहू ने बताया कि उन्होंने पिछली तारीख पर जामा मस्जिद का मौका मुआयना कराने की मांग की थी। इसके लिए उन्होंने न्यायालय में पत्र दाखिल किया था। इसकी सुनवाई के लिए न्यायालय ने अब 19 दिसंबर तारीख लगा दी है। सुनवाई के दौरान अखिल भारत हिंदू महासभा के प्रदेश अध्यक्ष मुकेश पटेल और अन्य पक्षकार भी मौजूद रहे।