Budaun News: उसावां क्षेत्र में मिले नवजात की बालगृह में मौत
– 31 जुलाई को गांव गौंतरा पट्टी में मिला था, मंगलवार सुबह ले जाया गया एसएनसीयू
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। शहर के नेकपुर स्थित बालगृह में मंगलवार को नवजात शिशु की मौत हो गई। यह नवजात 31 जुलाई को उसावां थाना क्षेत्र के गांव गौंतरा पट्टी में मिला था। मंगलवार सुबह उसे गंभीर अवस्था में एसएनसीयू (सिक न्यूबॉर्न केयर यूनिट) ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बालक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गांव गौंतरा पट्टी में 31 जुलाई को
मिले नवजात को चाइल्ड लाइन और थाना पुलिस ने महिला अस्पताल के एसएनसीयू में भर्ती कराया था। करीब 15 दिन तक वह यहीं भर्ती रहा। उसे पीलिया हो गया और उसका वजन भी कम था, लेकिन धीरे-धीरे उसकी हालत में सुधार हो रहा था। 16 अगस्त को नवजात को छुट्टी दे दी गई। इसके बाद उसे नेकपुर के बालगृह भेज दिया गया। तब से वह बालगृह में ही था।
मंगलवार सुबह करीब सात बजे बालगृह के कर्मचारी नवजात को लेकर महिला अस्पताल के एसएनसीयू लेकर पहुंचे। यहां स्टाफ नर्सों ने उसे मृत बता दिया। माना जा रहा है कि बालक की सोमवार रात में ही मौत हो गई थी। क्योंकि उसका शरीर पूरी तरह से अकड़ा हुआ था। इसमें बालगृह के कर्मचारियों की लापरवाही सामने आ रही है। अगर उसे समय रहते एसएनसीयू लाया गया होता तो शायद उसकी जान बचाई जा सकती थी।
जिस समय नवजात लाया गया था, वह मृत था। स्टाफ नर्सों ने उसे चेक किया था। उसकी पल्स और धड़कन कुछ नहीं चल रही थीं। कुछ समय पहले वह यहां भर्ती भी रहा था, लेकिन बाद में ठीक होकर गया था। उसकी मौत कैसे हुई है, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही पता चलेगा। -डॉ. संदीप वाष्र्णेय, बाल रोग विशेषज्ञ, महिला अस्पताल