बदायूं

Budaun News: प्रसव की सुविधा नहीं… कागजों में गूंज रहीं किलकारियां

Connect News 24

बदायूं/दबतोरी। प्रसव की सुविधा न होने के बाद भी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र दबतोरी में कागजों पर सात महिलाओं का प्रसव करा दिया गया, जबकि इन महिलाओं का प्रसव आसफपुर सीएचसी में हुआ था। आखिर ऐसे क्यों किया गया इस पर सवाल उठ रहे हैं। आसफपुर सीएचसी प्रभारी ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। जांच में बड़ा घपला सामने आने की आशंका जताई जा रही है।

दबतोरी में सिर्फ कहने भर को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र है। सुविधाएं के नाम पर यहां कुछ भी नहीं है। मरीजों के लिए पर्याप्त दवाएं तक उपलब्ध नहीं हैं। महीनों से महिलाओं के प्रसव भी नहीं हुए हैं। यहां केवल तीन लोगों का स्टाफ है। इनमें एक यूनानी चिकित्सक डॉ. जहीर, दूसरे फार्मासिस्ट समद अली और तीसरे स्टाफ नर्स जहीन मिर्जा हैं। व्यवस्थाओं के नाम पर केवल यहां बैठने के लिए दो-चार टूटी फूटी कुर्सियां, मेज और कुछ पुराने बेड पड़े हैं। डिलीवरी कराने की कोई व्यवस्था नहीं है। कमरों का फर्श टूटा हुआ है।

इस अस्पताल में लंबे अरसे से कोई प्रसव नहीं हुआ है लेकिन अभिलेखों पर सात महिलाओं के प्रसव हुए हैं। इनमें तीन महिलाएं लक्ष्मीपुर, एक दबतोरी, एक सुरैनी पापड़ी, एक तखौरा और एक महिला कनुआखेड़ा की रहने वाली है। जब इन महिलाओं से जानकारी ली गई तो उन्होंने बताया कि उनके प्रसव प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र दबतोरी में नहीं बल्कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र आसफपुर में हुए थे। वह स्वयं इस बात से हैरान हैं कि उनके प्रसव आसफपुर में दर्शाए गए।

ऐसा इसलिए किया गया कि दबतोरी स्वास्थ्य केंद्र केवल कागजों में चलता रहे, जबकि यहां लगातार मरम्मत, दवा-गोली और मरीजों के उपचार के लिए पूरा पैसा आता है। इसके बावजूद स्वास्थ्य केंद्र बदहाल है। प्रसव के नाम पर केवल खेल चल रहा है। सारा पैसा बंदरबांट कर लिया जाता है। सारा रिकॉर्ड फर्जी तौर पर बनाया जा रहा है।

इन महिलाओं के दर्शाए गए प्रसव

1- अनीता कुमारी पत्नी भूपेश सागर- लक्ष्मीपुर

2- रितिका पत्नी अंकित – सुरैनी पापड़ी

3- नेहा बी पत्नी इरफान- दबतोरी

4- निशा पत्नी वीरेश- तखौरा

5- शाहवानो बी पत्नी रहीश, लक्ष्मीपुर

6- सुनीता पत्नी सत्यवीर- कनुआ खेड़ा

7- सुजाता पत्नी रवि- लक्ष्मीपुर

फोटो-44

– मैंने अपनी पुत्रवधू सुजाता पत्नी रवि को आसफपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया था। वहां लड़की का जन्म हुआ था। यह फर्जी रूप से दबतोरी में प्रसव दिखा रहे हैं। – गुड्डो, लक्ष्मीपुर

फोटो-45

– जब हमारा बच्चा आसफपुर स्वास्थ्य केंद्र में हुआ था तो यह लोग दबतोरी में क्यों दर्शा रहे हैं। इसका मतलब यह लोग धांधली कर रहे हैं। यह कोई घोटाला कर रहे होंगे। – अनीता कुमारी, लक्ष्मीपुर

– दबतोरी में कुछ समय पहले प्रसव हुए थे लेकिन बाद में सुविधाओं के अभाव में यहां प्रसव नहीं हो सके। अगर महिलाओं के प्रसव आसफपुर में हुए हैं और उन्हें दबतोरी में दर्शाया गया है तो यह जांच का विषय है। इसमें मैं एक कमेटी गठित कर जांच कराता हूं। इसमें जो भी दोषी पाया जाएगा। उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। – डॉ. पंकज शर्मा, सीएचसी प्रभारी आसफपुर

– मामले की जानकारी नहीं हैं कि कहां प्रसव हुए और कहां दर्शाए गए हैं। अगर स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी जांच कराने की बात कह रहे हैं तो पहले उन्हें जांच कराने दो। उनकी जांच में जो भी सच्चाई सामने आएगी। उसके अनुसार कार्रवाई होगी। – डॉ. प्रदीप कुमार वार्ष्णेय, सीएमओ


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button