Budaun News: स्वास्थ्य विभाग की नजर में डेंगू से नहीं मरा कोई
बदायूं। जिले में अब तक जान गंवाने वाले 250 लोगों को परिजन जांच में डेंगू की पुष्टि होने का दावा कर रहे हों, लेकिन स्वास्थ्य विभाग की नजर में डेंगू से एक भी मौत नहीं हुई है। विभाग केवल छह मौतों को डेंगू संभावित मान रहा है। विभाग ने तीन बार में 78 मृतकों की जो सूची जारी की है, उनमें सबकी मौत के कारण अलग-अलग बताए हैं।
जिले में अब तक लगभग 250 लोगों की बुखार से मौत हो चुकी है। इनमें से अधिकांश के परिजनों का कहना है कि उनकी मौत का कारण डेंगू ही रहा है। इसकी पुष्टि इलाज के दौरान हुई जांच के बाद डॉक्टरों ने की थी, लेकिन विभाग की अब तक जारी तीन सूची में मात्र छह लोगों की मौत ही डेंगू संभावित पाई गई है। 78 मृतकों की सूची में चार की मौत का कारण स्पष्ट न होने की बात कही गई है। 68 लोगों की मौत अन्य बीमारियों से होना बताया गया है।
अगर स्वास्थ्य विभाग की बात को सच मान भी लिया जाए तो सवाल यह है कि बाकी 178 लोगों की मौत कैसे हुई है, इसका कोई उल्लेख विभाग ने अब तक नहीं किया है। लोगों का यह भी सवाल है कि क्या विभाग इन मौतें की भी पड़ताल करेगा या फिर जनवरी से अब तक 78 ही मौत विभाग मानेगा। इसका भी जवाब विभाग के पास नहीं है कि आखिर डेंगू के प्रकोप के बीच अन्य बीमारियों से मरने वालों की संख्या इतनी कैसे बढ़ गई।
एसीएमओ सनोज मिश्रा का कहना है कि अब तक जो भी मौतें सामने आईं हैं, सभी को चिह्नित किया जा रहा है। मौत कैसे और किस बीमारी से हुई है, इसकी पड़ताल कराई जा रही है। अब तक 78 लोगों की पड़ताल की जा चुकी है। जल्द ही सभी मृतकों की पड़ताल कर कारण स्पष्ट कर दिया जाएगा।